Publish Date: Tue, 30 May 2017 (18:56 IST)
Updated Date: Tue, 30 May 2017 (18:58 IST)
इंदौर। सोशल मैसेजिंग एप्लीकेशन वॉट्सऐप पर युवाओं के ग्रुप में पोस्ट किए गए आपत्तिजनक संदेश के कारण मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के एक गांव में दो समुदायों के बीच सोमवार रात तनाव फैल गया, लिहाजा एहतियात के तौर पर हालात बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिसबल भेजा गया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अनिल सिंह राठौड़ ने मंगलवार को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर दौलताबाद गांव में युवाओं के वॉट्सऐप ग्रुप में एक समुदाय को लेकर कल आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट किया गया था। ग्रुप के एक सदस्य ने इस पर आपत्ति जताते हुए कुछ अन्य संदेश पोस्ट किए। रात होते-होते बात सोशल मीडिया से बाहर निकलकर इतनी बढ़ी कि गांव में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।
उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर इस तनावपूर्ण घटना की सूचना दी। इसके बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिसबल भेजा गया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। राठौर ने बताया कि दौलताबाद में कल से लेकर अब तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है और वहां स्थिति सामान्य है। हालांकि गांव के हालात पर पुलिस बराबर नजर रख रही है।
उन्होंने बताया कि वॉट्सऐप ग्रुप पर आपत्तिजनक संदेश पोस्ट करने वाले विशाल धाकड़ (19) पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सम्बद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।