Publish Date: Wed, 08 Jun 2011 (00:41 IST)
Updated Date: Tue, 07 Jun 2011 (23:48 IST)
अन्नपूर्णा क्षेत्र में थाने से कुछ कदमों की दूरी पर बाइकसवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग व्यापारी की आँख में मिर्ची झोंककर करीब डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। वारदात मंगलवार रात करीब पौने 9 बजे इंद्रलोक कॉलोनी में हुई।
नेमी नगर निवासी नरेंद्र कुमार पिता लालचंद कासलीवाल (65) एक्टिवा वाहन से घर लौट रहे थे। इंद्रलोक कॉलोनी चौराहे पर पीछे से आए बाइकसवार तीन युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्री कासलीवाल सड़क पर गिर पड़े। इस बीच एक युवक बाइक से उतरा। उसने श्री कासलीवाल की आँख में लाल मिर्च पावडर झोंक दिया। इसके बाद बदमाश ने एक्टिवा पर टंगा रुपयों से भरा बैग निकाला और साथियों सहित भाग निकला। अचानक हुई घटना से हतप्रभ श्री कासलीवाल ने परिजन को फोन पर जानकारी दी। परिजन वहाँ पहुँचे। इसी बीच पुलिस भी पहुँच गई। आसपास के इलाके में घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। श्री कासलीवाल ने पुलिस को बताया कि बैग में पाँच-पाँच सौ के नोट की तीन गड्डियाँ, खुल्ले रुपए और दुकान के कागजात थे। एएसपी राकेश सिंह ने भी मौके का मुआयना किया।
*साड़ियों का व्यवसाय
श्री कासलीवाल का क्लॉथ मार्केट में एसपी इंटरप्राइजेस के नाम से साड़ियों का होलसेल व्यापार है। वे रोज आठ बजे बाद दुकान की सिल्लक लेकर घर जाते हैं। परिजनों ने बताया कि श्री कासलीवाल की कुछ माह पूर्व ही बायपास सर्जरी हुई है। उन्होंने कुछ दिन पहले से ही वाहन चलाना शुरू किया है। आशंका है कि लुटेरों ने रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जिस स्थान पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है वह अन्नापूर्णा पुलिस थाने से महज कुछ मीटर की दूरी पर है।