Publish Date: Wed, 08 Jun 2011 (00:36 IST)
Updated Date: Tue, 07 Jun 2011 (23:03 IST)
पलासिया थाना क्षेत्र में मामूली बात पर हुई कहासुनी में एल्डरमेन के रिश्तेदार ने एक मजदूर के सिर पर ईंट दे मारी। ईंट लगने से उसका सिर फट गया। उसे एमवाय अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात बड़ी ग्वालटोली निवासी गोविंद कामले के साथ हुई। उसकी रिपोर्ट पर छोटेलाल बौरासी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। गोविंद ने पुलिस को बताया वह हम्माली करता है। रात को खाना खाने के बाद वह सिगरेट लेने दुकान पर गया था। समीप ही रहने वाले आरोपी छोटेलाल से मामूली बात पर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर छोटेलाल ने उसे ईंट फेंककर मार दी। फिर धमकी देकर चला गया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
***पूर्व पार्षद के भांजे पर हमला**
इंदौर। धार रोड स्थित एक ढाबे पर पर आपसी विवाद में पूर्व पार्षद के भांजे पर आरोपियों ने हमलाकर घायल कर दिया। चंदन नगर थाना क्षेत्र में घटना सोमवार रात शेरे पंजाब ढाबे पर हुई। पुलिस के अनुसार पूर्व पार्षद राजा अग्निहोत्री के भांजे बॉबी पिता कैलाश दुबे ढाबे पर खाना खाने गए थे। यहाँ पहले खाना लगाने की बात पर आरोपी विनोद और ईश्वर निवासी स्कीम नंबर 71 से विवाद हो गया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही घायल समर्थक थाने पहुँच गए थे। थाने में भी गहमागहमी हुई।-नप्र