Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कयामत की सीड वॉल्ट

Advertiesment
हमें फॉलो करें कयामत सीड वॉल्ट

संदीपसिंह सिसोदिया

इनसान हमेशा से पृथ्वी पर अपने अस्तित्व को बचाने के लिए प्रयासरत रहा है। विश्व के सभी प्रमुख धार्मिक ग्रंथों व धर्मों में प्रलय (विनाश) की अवधारणा तथा मनुष्य द्वारा उस विपत्ति से पार पाने का वर्णन मिलता है। चाहे नूह की कहानी हो या मनु की कहानी, सबमें एक बात समान मिलती है। प्रलय के पहले ही इस पृथ्वी के समस्‍त प्राणियों तथा सब प्रकार के वनस्पति बीजों को संरक्षित किया गया जिससे इस पृथ्वी पर पुन: सृष्टि की स्थापना हुई।

PR
PR

कुछ ऐसा ही प्रयास इन दिनों सुदूर उत्तर में स्थित नार्वे के स्पिट्जबर्गन द्वीप के स्वॉलबर्ड क्षेत्र में किया जा रहा है, यहाँ ग्लोबल सीड वॉल्ट बनाया गया है जहाँ सम्पूर्ण विश्व के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधन जैसे की वनस्पति (फसलों व पेड़-पौधों) की लगभग 1.2 मिलियन प्रजातियों के बीज संरक्षित किए जा रहे हैं।

यह प्रयास किसी संभावित वैश्विक आपदा की स्थिति में होने वाली पर्यावरण की क्षति की भरपाई करने के लिए किया जा रहा है। किसी आपदा या बीमारी के चलते, जलवायु परिवर्तन या किसी अन्य कारण की वजह से अगर किसी क्षेत्र विशेष की वनस्पति प्रजातियों का सफाया हो जाता है तो इस स्थिति में ग्लोबल सीड वॉल्ट में संरक्षित बीजों से उस प्रजाति को लुप्त होने से बचाया जा सकता है। इसे डूम्स-डे वॉल्ट यानी कयामत के दिन खुलने वाली वॉल्ट कहा गया है।

(आगे पढ़े...)


संयुक्त राष्ट्र द्वारा सराही और समर्थित इस आर्कटिक ग्लोबल सीड वॉल्ट को एक त्रिपक्षीय संधि के अंतर्गत नार्वे सरकार, ग्लोबल क्रॉप डायवर्सिटी ट्रस्ट (जीसीटीडी) तथा नॉर्डिक जेनेटिक रिसोर्स सेंटर द्वारा चलाया जाता है। जीसीटीडी इसमें सबसे मुख्य भूमिका अदा करता है और बीजों को एकत्र करने से लेकर ग्लोबल सीड वॉल्ट तक पहुँचाने का काम करता है।
webdunia
PR
PR

इस वॉल्ट को मुख्य रूप से चलाता है जीसीटीडी। ब्रिटेन, नार्वे, ऑस्ट्रेलिया, स्वीडन तथा स्विट्जरलैंड तथा कई गैर सरकारी संगठन जैसे कि बिल एंड मैलिंडा गेट्स फाउंडेशन इस प्रयास में प्रमुख रूप से वित्तीय मदद दे रहे हैं। इसके अलावा सर्वाधिक जैव विविधता संपन्न भारत, कोलम्बिया, ब्राजील तथा इथियोपिया भी इस परियोजना को आर्थिक मदद दे रहे हैं।

(आगे पढ़े...)


इस वॉल्ट के निर्माण में करोड़ों डॉलर का खर्च आया है। दरअसल इसको बनाने का विचार 1984 में एक अनुपयोगी कोयले की खदान में स्थापित हुए बैकअप नॉर्डिक जीनबैंक से आया, जहाँ अफ्रीका के गृहयुद्ध के चलते कृषि वैज्ञानिकों ने 300 से ज्यादा प्रकार की प्रजातियों के 10000 बीज जमा कराए थे।
webdunia
PR
PR

इसके बाद वर्षों से दरकिनार किए गए कृषि विविधता संरक्षण के मुद्दे पर एक बार फिर विश्व का ध्यान गया और 19 जून 2006 को स्वीडन, फिनलैंड, डेनमार्क तथा आइसलैंड के प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में एक समारोह में स्वॉलबर्ड ग्लोबल सीड वॉल्ट की नींव का पहला पत्थर रखा गया। 26 फरवरी 2008 को इस वॉल्ट ने आधिकारिक रूप से पूरी क्षमता के साथ बीज संरक्षित करना शुरू कर दिया।

सैंडस्टोन के पहाड़ के भीतर 120 मीटर (393.7 फीट) गहरी बनी इस वॉल्ट में अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। यहाँ रखे बीजों को विशेष चार स्तरीय पैकिंग में रखा जाता है, इसके अलावा नमी निकालने के लिए उसे हीट सील्ड भी किया जाता है।

उत्तरी ध्रुव से मात्र 1120 किमी दूर स्थित स्पिट्जबर्गन द्वीप के अलावा इस वॉल्ट को बनाने का बेहतर स्थान और कही नहीं हो सकता था। साल के चार महीने अंधेरे में डूबे रहने वाले इस द्वीप पर स्थित इस वॉल्ट में विश्वभर की कृषि विविधताओं को संरक्षित किया जा सकता है।

यह द्वीप समुद्री सतह से 130 मीटर ऊँचा है। इस वजह से भविष्य में अगर दुनिया की हिम टोपियाँ पिघल भी जाती हैं तब भी यह स्थान पानी में नहीं डूबेगा। यहाँ कोयला भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है जो रेफ्रिजरेशन मशीनों के ईंधन के काम आता है। यहाँ का औसत तापमान शून्य से -3.5 डिग्री सेल्सियस रहता है और इस वॉल्ट के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप −18 डिग्री सेल्सियस पर बीज रखे जाते हैं। यहाँ पाए जाने वाले ध्रूवीय भालू भी इस वॉल्ट को एक प्राकृतिक सुरक्षा घेरा प्रदान करते हैं।

इस वॉल्ट को कुछ ऐसे बनाया गया है कि अगर किसी कारण से रेफ्रिजरेशन मशीन खराब हो जाए तो भी यहाँ रखे बीज सालों तक खराब नहीं होंगे। इस वॉल्ट में ठंडी आर्कटिक हवा के जरिए तापमान -10 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रखा जा सकता है, बिना किसी मानवीय सहायता के भी इस पद्धति से बरसों तक यहाँ तापमान को ठंडा रखा जा सकता है। अनुमान लगाया गया है कि किसी वैश्विक आपदा के बाद भी इस वॉल्ट में रखे बीज कई सौ साल तक खराब नहीं होंगे। कुछ प्रमुख बीज तो इस परिस्थिति में हजारों साल तक जी सकते हैं।

(आगे पढ़े...)


ग्लोबल क्रॉप डायवर्सिटी ट्रस्ट के निदेशक कैरी फॉलर बताते है कि 'अब तक इस वॉल्ट में 1.5 मिलियन बीज संरक्षित किए जा चुके हैं। इस वॉल्ट की क्षमता लगभग 4.5 मिलियन बीज (हर बीज के 500 नमूने) या कुल 2.25 बिलियन नमूने संरक्षित करने की है। इसके अलावा यह विश्वभर में बनाए गए जीनबैंकों में रखे गए बीजों के बीमे के तौर पर सभी प्रजातियों के बीज संरक्षित करता है। यह सीड वॉल्ट यहाँ रखी कृषि प्रजातियों को बचाने की 'फेल सेफ' ग्यारंटी देती है। वर्तमान में विश्व की एक बड़ी आबादी खाद्य समस्या से जूझ रही है, इस वॉल्ट की मदद से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि किसी भी देश से कोई भी फसल लुप्त न होने पाए।'
webdunia
PR
PR


विकासशील देशों के परम्परागत जीनबैंकों में हमेशा डर बना रहता है कि जलवायु परिवर्तन, अकुशल प्रबंधन, युद्ध, राजनैतिक अस्थिरता या किसी अन्य कारण से अगर जीनबैंक अथवा उसमें रखे बीज नष्ट हो सकते हैं, ऐसी स्थिति में यह बीज ग्लोबल सीड वॉल्ट से हासिल किए जा सकते हैं। इस पृथ्वी पर लगभग 1400 किस्म की फसलों के बीज या नमूने इसी प्रकार के खतरों वाले देशों के जीनबैंकों में रखे हैं।

इस ग्लोबल वॉल्ट में कोई भी देश या संगठन ठीक उसी तरह बीज जमा कर सकता है जिस तरह बैंकों के सेफ डिपॉजिट में कोई वस्तु, किसी वित्तीय बैंकों की तरह काम करने वाली इस वॉल्ट में गए बीजों पर जमाकर्ता का पूर्ण अधिकार होता है।

इसके लिए जमाकर्ता को अंतरराष्ट्रीय नियमों के अंतर्गत विश्व कृषि संगठन के सभी नियम-शर्तों का पालन करना पड़ता है जिसमें से एक है किसी भी वैश्विक आपदा या संकट की स्थिति में यहाँ संरक्षित बीजों पर ग्लोबल क्रॉप डायवर्सिटी ट्रस्ट का अधिकार हो जाएगा और इसे विश्व संपदा माना जाएगा।

सभी संरक्षित बीजों को यहाँ रखने वाले देशों अथवा संगठनों को इस ग्लोबल सीड वॉल्ट से अपनी बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा, देशीय प्रजातियों को सहेजने का एक सुनहरा मौका मिलता है, साथ ही इस पृथ्वी को भी एक मौका मिलता है किसी भी अनहोनी के बाद एक नई शुरुआत करने का। उम्मीद है कि इस आपदा के पहले ही मनुष्य शायद सचेत हो जाए और इन बीजों को कभी इस्तेमाल करने की नौबत ही न आए।

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi