Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

पाक सुंदरी ने लगाया अमेरिकियों को चूना

Advertiesment
हमें फॉलो करें पाक सुंदरी
इस्लामाबाद , शनिवार, 31 मार्च 2012 (15:47 IST)
पाकिस्तान की एक पूर्व सुंदरी समन हसनैन ने एक ऋण घोटाले में कैलिफोर्निया के कई लोगों को चूना लगा कर अमेरिका से चलती बनी

हसनैन ने वर्ष 2008 में श्रीमती पाकिस्तान विश्व सुंदरी स्पर्धा जीती थी। उसने और उसके पति जावेद ने एक ऋण परिवर्तन घोटाले में कैलिफोर्निया के साउथ बे में कई लोगों को चूना लगाया। समन और जावेद ने यह कारनामा वर्ष 2008 से अक्टूबर 2010 के बीच किया।

अब अमेरिकी मीडिया समन को घोटाला कलाकार कह रहा है जिसने अपनी खूबसूरती से प्रभावित कर मकान मालिकों को झांसा दिया। लोगों से ऐंठे गए धन से समन ने अपनी प्लास्टिक सर्जरी कराई तथा एक मर्सीडीज खरीदी।

समन और जावेद लोगों के ऋणों के बारे में बैंकों से कथित तौर पर बातचीत करने के एवज में उनसे कम से कम 4,500 डॉलर और कई बार अधिक रकम भी लेते थे।

इस जोड़े के झांसे में आ कर एक वेट्रस कोरिना दियाज ने अपना मकान ही गंवा दिया। गिरवी रखे मकान का ऋण कम कराने के लिए उसने समन और जावेद को 11,500 डॉलर दिए थे।

उसने बताया कि वह सचमुच बहुत सुंदर थी। स्कर्ट, उंची एड़ी की सैंडिल पहन कर वह सचमुच एक आकषर्क पेशेवर महिला लगती थी।

हसनैन दंपती के वादे से दियाज और उसके पति इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने समन और जावेद की ऋण परिवर्तन योजना के बारे में बात करने के लिए अपने 30 मित्रों को बुला लिया। कई लोगों ने समन और जावेद से करार किया और हजारों डालर की राशि या अपने मकानों से हाथ धो बैठे।

इन्हीं में से एक दियाज भी है जिसने ऋण की राशि फ्लोरिडा बैंक को देने के बजाय समन और जावेद को दे दी और बैंक ने उसका मकान कुर्क कर लिया। आज दियाज अपने पति और तीन बच्चों के साथ एक छोटे से मकान में किसी तरह गुजर बसर कर रही है।

अभियोजक विक्टर चेन ने कहा कि आकर्षक व्यक्तित्व से समन ने लोगों को लुभाया और लोगों ने उस पर भरोसा कर अपनी जमा पूंजी गंवा दी।

चेन का अनुमान है कि करीब 80 से 100 परिवारों को समन और जावेद ने चूना लगाया। लेकिन पकड़े जाने से पहले यह जोड़ा अपने दो बेटों को लेकर लाहौर चला गया।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अब मामले में कुछ होने की गुंजाइश कम ही है क्योंकि अमेरिका के साथ पाकिस्तान का प्रत्यर्पण करार नहीं है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi