Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत ने नौ पाकिस्तानी कैदियों को किया रिहा

Advertiesment
हमें फॉलो करें भारत सरकार
लाहौर , शुक्रवार, 4 जुलाई 2014 (22:14 IST)
FILE
लाहौर। भारतीय अधिकारियों ने वाघा सीमा पर पांच मछुआरों सहित नौ पाकिस्तानी कैदियों को पड़ोसी देश के अर्धसैनिक बल को सौंप दिया। इन कैदियों को एधी वेलफेयर फाउंडेशन को सौंपने से पहले पंजाब रेंजर्स ने उनके बयान दर्ज किए।

अधिकारियों ने यहां बताया कि कैदियों में से पांच मछुआरे हैं जबकि बाकी अवैध तरीके से सीमा पार करके भारत में प्रवेश करने वाले थे।

उन्होंने बताया, किसी भी कैदी के परिजन उन्हें लेने नहीं आए थे। हमने उन्हें एधी को सौंप दिया है। चूंकि वह अपने परिवार से नहीं मिले हैं इसलिए वे जब तक चाहें वहां रह सकते हैं।

विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त को एक जुलाई को एक सूची सौंपी थी जिसके अनुसार पाकिस्तान की जेलों में 296 भारतीय कैदी बंद हैं। भारतीय कैदियों की सूची के मुताबिक, वर्तमान में जेलों में 237 मछुआरे, 47 सामान्य लोग और 12 युवा बंद हैं।

इस बीच विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने 30 मई 2014 को भी 37 पाकिस्तानी कैदियों को रिहा किया था। इनमें से 32 मछुआरे और पांच सामान्य नागरिक थे। मंत्रालय ने कहा, वर्तमान में 477 पाकिस्तानी कैदी (346 आम लोग और 131 मछुआरे) भारतीय जेलों में बंद हैं। उनमें से 22 सामान्य कैदियों की सजा समाप्त हो गई है और वे रिहाई का इंतजार कर रहे हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 26 मई को निर्देश दिया था कि सद्भावना कदम के तहत 151 भारतीय कैदियों (एक सामान्य और 150 मछुआरों) को रिहा किया जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा, फिलहाल पाकिस्तान की जेलों में 296 भारतीय कैदी हैं। इनमें से 249 मछुआरे और 47 अन्य लोग हैं। उसका कहना है, हमें आशा है कि भारत सरकार सजा पूरी कर चुके सभी पाकिस्तानी कैदियों को रिहा करेगी। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi