Publish Date: Tue, 07 Jul 2020 (10:17 IST)
Updated Date: Tue, 07 Jul 2020 (10:21 IST)
स्पोकेन (अमेरिका)। उत्तरी आइडाहो में खूबसूरत पर्वतीय झील के ऊपर 2 विमानों की टक्कर में 3 बच्चों समेत कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। शेरिफ कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
कूटनी काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए विमानों में से एक पानी पर उतरने वाला था। इस विमान में 3 बच्चों समेत 5 यात्री सवार थे। इसके अलावा 1 पायलट था। शेरिफ कार्यालय ने बताया कि वहीं दूसरे विमान सेसना 206 में कम से कम 2 लोग सवार थे। कार्यालय ने बताया कि अब तक 3 पीड़ितों के शव बरामद हो चुके हैं।
शेरिफ लेफ्टिनेंट रायन हिगिन्स ने कहा कि हम किसी के भी जीवित बचने की उम्मीद नहीं करते हैं। हमारा मानना है कि सभी की मौत हो गई। हिगिन्स ने बताया कि इन विमानों की टक्कर पोडरहॉर्न बे के निकट हवा में दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर रविवार को हुई और ये पानी में गिर गए। (भाषा)