Publish Date: Sat, 19 May 2018 (18:58 IST)
Updated Date: Sun, 20 May 2018 (13:05 IST)
विंडसर। भारतीय मूल की शेफ और सामाजिक उद्यमी रोजी गिंडे अपने कुछ विशेष पकवानों के साथ विंडसर कैसल में प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल के शादी समारोह में पहुंच चुकी हैं। रोजी को प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल ने आमंत्रित किया है।
इस मौके पर रोजी गिंडे चमकदार पीले रंग की फूलदार पोशाक पहने हुए थीं। उन्होंने कहा कि वे शाही जोड़े के इस विशेष दिन का हिस्सा बनने के लिए चुने जाने पर वास्तव में सम्मानित महसूस कर रही हैं।
ब्रिटेन में एक पंजाबी घराने में जन्मी गिंडे ने कहा कि यह वास्तव में काफी रोमांचक है। 34 वर्षीय गिंडे एक सामाजिक उद्यम मिस मैकरुन की संस्थापक हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने साथ मैकरुन भी लाई हैं। मैकरुन एक विशेष प्रकार के गोल छोटे बिस्किट हैं, जो नारियल और बादाम के चूर्ण से तैयार होते हैं। (भाषा)