वाशिंगटन। राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवारी के दावेदार और भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक बॉबी जिंदल ने कहा है कि 18 हजार अरब डॉलर के कर्ज, कार्यबल में भागीदारी के रिकॉर्ड निचले स्तर और भोजन के लिए सरकारी मदद पर निर्भर अमेरिकियों की संख्या के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर के साथ अमेरिका यूरोप जैसे आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
राष्ट्रपति पद पर रिपब्लिकन पार्टी की ओर से दावेदारी तय करने के लिए आयोजित की गई दूसरे चरण की बहस में जिंदल ने कहा, ‘ईमानदारी से बात करते हैं..18 हजार अरब डॉलर का कर्ज है, कार्यबल में भागीदारी रिकॉर्ड निचले स्तर पर है और भोजन के लिए सरकारी मदद पाने वाले अमेरिकियों की संख्या रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर है। हम यूरोप के रास्ते पर जा रहे हैं। अमेरिकी स्वप्न को यूरोपीय दु:स्वप्न में बदलने की कोशिश की जा रही है।’
कम लोकप्रियता के कारण लुइसियाना के दो बार के गवर्नर जिंदल को दूसरे चरण की बहस में भेज दिया गया। वह रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी करने वाले शीर्ष 10 उम्मीदवारी वाली मुख्य प्राइम टाइम की बहस में जगह बनाने में विफल रहे। जिंदल ने कहा कि अमेरिकी आज निराश हो चुके हैं। (भाषा)