Publish Date: Sat, 12 Dec 2015 (15:24 IST)
Updated Date: Sat, 12 Dec 2015 (15:30 IST)
लंदन। ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के पति-पत्नी ने अपनी शादी की 90वीं सालगिरह मनाई है। उनके बारे में समझा जाता है कि वे दुनिया के सबसे बुजुर्ग शादीशुदा दंपति हैं।
करम और करतारी चंद की उम्र 110 और 103 क्रमश: है और भारत पर ब्रिटिश शासन के दौरान 11 दिसंबर 1925 को उनकी शादी पारंपरिक पंजाबी समारोह में हुई थी और वे अपनी शादी के 40 साल बाद इंग्लैंड आ गए थे।
करम ने कहा कि शादी करना और साथ में इतना वक्त बिताना उनके लिए वरदान है। जिंदगी और शादी खुशियां लाती हैं, जो बहुत महत्वपूर्ण है।
यह दंपति इंग्लैंड के वेस्ट यॉर्कशायर से है और उनके 8 बच्चे हैं, 27 पोते-पोतियां हैं, 23 पड़ पोते-पोतियां हैं। ये बुजुर्ग दंपत्ति अपने सबसे छोटे बेटे पॉले, उसकी पत्नी और उनके 4 में से 2 बच्चों के साथ रहते हैं। पॉल का मानना है कि खुशहाल शादीशुदा जीवन का राज उसके माता-पिता की तरह बहस नहीं करना है।
‘द सन’ ने पॉल के हवाले से कहा है कि शादी का मतलब समझौता होता है और मेरा मानना है कि मेरे माता-पिता का इतना लंबा वैवाहिक जीवन इसलिए रहा है, क्योंकि वे तनावमुक्त और खुश रहते हैं। उनके साथ गुजरे मेरे तमाम वर्षों में मैंने उन्हें कभी बहस करते हुए नहीं देखा और मैंने एक बार भी ऐसा नहीं देखा कि वे एक-दूसरे पर गुस्सा हो रहे हों। मेरा मानना है कि यह उनकी खुशी का राज है। (भाषा)