Publish Date: Thu, 04 Jan 2018 (12:37 IST)
Updated Date: Thu, 04 Jan 2018 (12:42 IST)
टोक्यो। अभी कुछ दिन पहले ही चीन ने दुनिया को हैरान कर देने वाली एक सोलर सड़क का नमूना पेश किया है। वहीं अब जापान ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख देने वाला तगड़ा कारनामा कर दिखाया है जो अपने आप में किसी अजूबे से कम नहीं है।
कुछ वैज्ञानिक मानते हैं कि एक से एक तकनीक का इस्तेमाल कर ये देश दुनिया को तबाही की ओर ले जा रहे हैं लेकिन टेक्नोफ्रेंडली लोग तकनीक को इंसानों के लिए वरदान मानते हैं। जापान ने एक ऐसी कार बनाई है जिसे साइंस, फिक्शन और एक्शन की बेजोड़ मिसाल माना जा रहा है। यही वजह है कि इसे 'अवतार' कहा गया है।
इसके बारे में जानकर शायद आपको विश्वास न हो, लेकिन वाकई यह सच है। ‘अर्थ-एक’ का निर्माण साइंस, फिक्शन और एक्शन अमेरिकी फिल्म ट्रांसफॉर्मर्स से प्रेरित है।
जापान ने जो कार बनाई है वह पहली आकार बदलने वाली रोबोट कार है, जो ट्रांसफॉर्मर्स फिल्म के कैरेक्टर ऑप्टिमस प्राइम बोट जैसी है। अर्थ-एक को एक झटके में सामान्य आकार में बदला जा सकता है।
इसके लिए फोर लिंक सिस्टम नामक कंपनी ने ‘मोबाइल सुइट गनडम’ गेम के डिजाइनर कुनिओ ओकावारा को नियुक्त किया है। इस कार में दो लंबे पंखे और ब्रेक लाइट हैं। इसकी खासियत यह है कि कार के ड्राइवर का दरवाजा आगे से खुलेगा। ये ऐसे होगा जैसे ट्रांसफॉर्मर्स फिल्म में रोबोट कार को करते देखा होगा।
यह बिलकुल अत्याधुनिक कारों की तरह है जो गली या फुटपाथ पर आसानी से दौड़ सकेगी। इसे ऑप्टिमस प्राइम के आकार में भी बदला जा सकेगा। इसकी कीमत करीब 45.44 लाख रुपए है। हालांकि अभी इसे सड़कों पर दौड़ने के लिए अनुमति नहीं मिली है, लेकिन हवाईअड्डों पर इसकी बड़ी मांग है।