टोकियो। जापान ने कहा है कि चीन की नौसेना का एक टोही जहाज बुधवार सुबह कुछ समय के लिए दक्षिणी प्रांत कागोशिमा की तरफ से उसके जलक्षेत्र में घुसा।
उप मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोशिगे सेको ने बताया कि जापान के एक गश्ती विमान ने स्थानीय समयानुसार तड़के लगभग 3.30 बजे जहाज को देखा और वह लगभग 5 बजे जापान के जलक्षेत्र से बाहर निकल गया।
उन्होंने कहा कि सरकार हमारे जलक्षेत्र और हवाई क्षेत्र में चेतावनी और निगरानी संबंधी गतिविधियों के लिए हरसंभव उपाय करना जारी रखेगी।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जापान ने चीन के राजदूत को तलब कर चीन के एक नौसैनिक जहाज के पूर्वी चीन सागर के जापान के दावे वाले जलक्षेत्र में घुस आने को लेकर चिंता व्यक्त की थी। चीन के इस कदम से इस विवादित क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया था। (वार्ता)