Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दाउद इब्राहिम कराची से भागा, नया ठिकाना मुरी को बनाया

Advertiesment
हमें फॉलो करें दाउद इब्राहिम कराची से भागा, नया ठिकाना मुरी को बनाया
कराची , सोमवार, 24 अगस्त 2015 (00:39 IST)
कराची। दुनिया का मोस्ट वांडेट अपराधी दाउद इब्राहिम कराची से भाग गया है और उसने अपना नया ठिकाना उत्तरी पाकिस्तान के मुरी में बनाया है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित है। दाउद के कराची से भागने की मुख्य वजह यह है कि उसके वर्तमान पते की जानकारी पूरी दुनिया को चल गई है। भारतीय डोजियर देखकर ही उसने अपने रहने का ‍ठिकाना बदला है।
खबरिया चैनल 'आजतक' की रिपोर्ट के अनुसार, दाउद को रविवार को पाकिस्तान की बख्तरबंद गाड़ी में पूरी सुरक्षा के साथ दोपहर ढाई से तीन बजे के बीच शिफ्ट किया गया। उसकी सुरक्षा में पाकिस्तान की सेना और आईएसआई तैनात रही। यही नहीं जिस मुरी नामक जगह पर दाउद को पनाह दी गई है, उसी के समीप पाकिस्तानी सेना का ट्रेनिंग सेंटर है और यह काफी महफूज जगह है। 
 
दरअसल पाकिस्तान हमेशा झूठ बोलता आया है कि दाउद कराची में नहीं है। अपनी इसी बात को साबित करने की गरज से उसने बाकायदा पूरे संरक्षण में कराची से दाउद को हटा दिया है। 
 
पिछले दिनों मीडिया में दाउद के कराची के क्लिफटन में जियाउद्दीन अस्पताल के पास शिरीन जिन्ना कॉलोनी में न केवल रहने के सबूत सामने आए थे, बल्कि उसकी पत्नी महजबीन शेख का मोबाइल नंबर तक सार्वजनिक कर दिया था। 
 
यहां तक कि एक अंग्रेजी चैनल ने बाकायदा दाउद की बीवी महजबीन से मोबाइल पर बात भी की। जब दाउद के बारे में जानकारी चाही गई तो महजबीन ने कहा, वो सो रहे हैं।  
 
भारतीय एजेंसियों को दाउद का नया फोटो तक मिल गया है, जिसमें वह काफी बूढ़ा और बगैर मूंछ के नजर आ रहा है। कराची के क्लिफ्टन इलाके में यह कुख्यात अपराधी अपनी बीवी और बेटियों के साथ रह रहा था। कराची में उसके अलग-अलग जगह 7 और इस्लामाबाद में 2 घर हैं। 
 
जब भारतीय डोजियर में पाकिस्तान की सरकार को यह बताया कि दुनिया का मोस्ट वांटेड अपराधी कराची में छुपकर रह रहा है और उसका पता तक दिया तो अपनी नाक बचाने के लिए दाउद के ठिकाने को बदलने का फैसला लिया गया। इसी फैसले के तहत रविवार की दोपहर को दाउद को मुरी में शिफ्ट किया गया है। मुरी को पाकिस्‍तानी सेना और आईएसआई के लिए बेहद सुरक्षित इलाका माना जाता है। 
 
इसी बीच आज भारत में पूर्व गृह सचिव और भाजपा सांसद आरके सिंह से पूछा गया कि अब तो पूरी दुनिया को पता चल गया है कि दाउद इब्राहिम कहां है, उस पर किस तरह शिकंजा कसा जा सकता है? 
 
जवाब में भाजपा सांसद सिंह ने कहा कि हमें अमेरिका की तरह ऑपरेशन करना होगा, जिस तरह उसने ओसामा के साथ किया था। ठीक उसी तरह का हश्र भारत को पाकिस्तान में छुपे दाउद के साथ करना चाहिए। (वेबदुनिया न्यूज)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi