Publish Date: Mon, 23 Jan 2017 (11:29 IST)
Updated Date: Mon, 23 Jan 2017 (11:32 IST)
यरुशलम। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को अगले माह वॉशिंगटन आने का न्योता दिया है और इसराइली नेता ने उनके इस न्योते को स्वीकार कर लिया है।
ट्रंप के कार्यालय ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फरवरी में वॉशिंगटन आकर उनसे मिलने का निमंत्रण दिया है। यात्रा की तिथि आने वाले समय में तय होगी।
एपी की खबर के अनुसार नेतन्याहू ने ट्रंप के इस न्योते को इस उम्मीद के साथ स्वीकार किया है कि इससे उनके साथ क्षेत्र के लिए विभिन्न मुद्दों पर एक साझा नजरिया विकसित करने में मदद मिलेगी। इसमें कब्जे वाले क्षेत्र में बस्तियों के निर्माण के विस्तार और ईरान के प्रति कड़ी नीति का मुद्दा शामिल है।
इसराइल ने रविवार को ट्रंप के कार्यालय से फोन आने से पहले पूर्वी यरुशलम में नई बस्ती के सैकड़ों घरों को मंजूरी दी थी, हालांकि इस बस्ती को एकपक्षीय तरीके से मिला लेने की योजना को ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाकात तक के लिए टाल दिया गया है।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने वेस्ट बैंक की सबसे बड़ी बस्तियों में से एक को मिलाने के प्रस्ताव पर मतदान को कुछ समय के लिए टालते हुए वॉशिंगटन जाने की अपनी योजना की घोषणा कर दी। ऐसा माना जा रहा है कि वह अमेरिका के नए प्रशासन के साथ फिलीस्तीनियों के प्रति अपनी नीति के समन्वय के लिए जा रहे हैं। (भाषा)