Publish Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:24 IST)
Updated Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:26 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिकी सीनेट ने रूस, ईरान और उत्तर कोरिया के खिलाफ कड़े वित्तीय प्रतिबंधों के नए पैकेज को मंजूरी दे दी है और अब यह विधेयक कई सप्ताह की गहन वार्ता के बाद हस्ताक्षर के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास पहुंच गया है।
यह विधेयक ट्रंप को कांग्रेस की सहमति के बिना रूस पर अतिरिक्त प्रतिबंधों में ढील देने से प्रतिबंधित करता है। प्रतिनिधि सभा ने 3 के मुकाबले 419 मतों से इस विधेयक को पारित किया था जिसके 2 दिन बाद सीनेट ने इसे गुरुवार को 2 के मुकाबले 98 मतों से पारित किया। इस विधेयक का मकसद मॉस्को को वर्ष 2016 रिपीट 2016 में अमेरिका के चुनाव में दखल देने और यूक्रेन एवं सीरिया में उसकी सैन्य आक्रामकता के लिए दंडित करना है।
ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों एवं सलाहकारों ने गोपनीयता की शर्त पर बताया था कि ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों पर राष्ट्रपति की ताकत को सीमित करने की कांग्रेस की क्षमता को लेकर निजी रूप से निराशा जताई है।
इस विधेयक को प्रतिनिधि सभा एवं सीनेट में द्विदलीय भारी बहुमत मिलने के कारण राष्ट्रपति के पास इस विधेयक पर हस्ताक्षर करने के अलावा शायद ही कोई विकल्प बचा है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:24 IST)
Updated Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:26 IST)