Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकी, हम 200 फीसदी टैरिफ लगाएंगे

Advertiesment
हमें फॉलो करें Donald Trump

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

वॉशिंगटन , गुरुवार, 13 मार्च 2025 (23:26 IST)
Donald Trump News : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को यूरोपीय संघ को धमकी दी कि अगर वह अमेरिकी व्हिस्की पर नियोजित शुल्क दर पर अडिग रहता है तो अमेरिका यूरोप से आयात होने वाली शराब, वाइन और शैंपेन पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाएगा। यूरोपीय संघ ने इस्पात और एल्युमिनियम आयात पर शुल्क लगाने के ट्रंप के ऐलान के बाद अमेरिकी व्हिस्की पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। यूरोपीय संघ इस शुल्क को 1 अप्रैल से लागू करने जा रहा है।
 
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति को यूरोपीय संघ का यह कदम नागवार गुजरा है। ट्रंप ने सुबह की अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगर यूरोपीय संघ अमेरिकी व्हिस्की पर नियोजित 50 प्रतिशत शुल्क की घोषणा पर टिका रहता है तो एक नया व्यापार युद्ध छिड़ जाएगा।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, अगर यह शुल्क तुरंत नहीं हटाया गया, तो अमेरिका जल्द ही फ्रांस और यूरोपीय संघ के अन्य देशों से आने वाले सभी वाइन, शैंपेन और अल्कोहल उत्पादों पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाएगा। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका में वाइन और शैंपेन के कारोबार के लिए बहुत अच्छा होगा।
 
रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप ने बुधवार को ही संकेत दे दिया था कि वह इस मामले में भी कार्रवाई करने का इरादा रखते हैं। ट्रंप ने अपने कार्यालय ओवल ऑफिस में चर्चा में यूरोपीय संघ के कदम पर कहा था, बेशक मैं इसका जवाब दूंगा।
इस साल जनवरी में दोबारा अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद से ही ट्रंप कनाडा, मेक्सिको, चीन एवं भारत जैसे देशों पर अधिक सीमा शुल्क लगाने की घोषणाएं करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि अमेरिका अब किसी भी दूसरे देश द्वारा लगाए जाने वाले शुल्क के बराबर ही शुल्क लगाएगा।
 
हालांकि इससे दुनियाभर में व्यापार युद्ध गहराने के आसार बनते हुए दिखने लगे हैं। इसकी वजह यह है कि प्रभावित देशों ने भी जवाबी कदमों का ऐलान करना शुरू कर दिया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क्‍या यूक्रेन में होगा 30 दिन का संघर्ष विराम, अमेरिकी प्रस्ताव पर पुतिन ने दिया यह बयान