थाईलैंड और कंबोडिया के बीच आज सुबह सीमा पर गोलाबारी हुई है। थाईलैंड और कंबोडिया में चल रहा सीमा विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया जिसमें थाईलैंड के 9 नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बौद्ध् धर्म बहुसंख्यक वाले इन दोनों देशों ने एक-दूसरे पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है। चीन और मलेशिया ने दोनों देशों से आपसी तनाव घटाने का आग्रह किया है।
देर शाम तक दोनों देशों के सीमांत इलाकों में रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।बैंकाक पोस्ट ने जानकारी दी है कि कंबोडिया के हमले में एक बच्चे सहित नौ थाई नागरिकों मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए जबकि कंबोडिया में हताहतों की जानकारी नहीं मिल सकी। रायल थाई आर्मी के हवाले से बताया गया कि कंबोडिया की सेना ने रॉकेट दागे और आम लोगों को निशाना बनाया। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड ने सीमाई इलाकों में एफ-16 लड़ाकू विमान तैनात कर दिए। थाई वायुसेना ने भी दो कंबोडियाई इलाके में बमबारी की। थाई शासन ने कंबोडिया गए अपने नागरिकों को फौरन देश वापसी का आदेश दिया है।
कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से थाईलैंड और कंबोडियाई सैनिकों के बीच झड़पों को रोकने के लिए 'तत्काल बैठक' बुलाने का अनुरोध किया। श्री मानेत ने कहा कि थाईलैंड के गंभीर हमले के चलते क्षेत्र में शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने थाईलैंड पर सीमावर्ती क्षेत्रों में कंबोडियाई इलाकों पर बिना उकसावे , पूर्वनियोजित और जानबूझकर हमले करने का आरोप लगाया है।
कंबोडिया के प्रमुख मीडिया खमेर टाइम्स ने सेना के हवाले से बताया कि देश के ओड्डार मींचे प्रांत में ता मोआन थॉम मंदिर और ता क्रा बेई मंदिर इलाकों सहित दूसरे प्रांतों में सेनाएं देश की रक्षा कर रही है। कंबोडियन-थाई सशस्त्र संघर्ष ता मोआन थॉम मंदिर से प्रारंभ हुआ, जो जल्द ही कंबोडियन-थाई सीमा के साथ अन्य युद्धक्षेत्रों तक फैल गया। कंबोडिया का आरोप है कि यह लड़ाई तब शुरू हुई जब थाई पक्ष ने ता मोआन थॉम मंदिर पर गोलाबारी की। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma