Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

फ्लोरिडा हवाई अड्डे पर गोलीबारी, पांच की मौत, आठ घायल

हमें फॉलो करें फ्लोरिडा हवाई अड्डे पर गोलीबारी, पांच की मौत, आठ घायल
वाशिंगटन , शनिवार, 7 जनवरी 2017 (08:12 IST)
वाशिंगटन। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में फोर्ट लॉडरडेल हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।
 
अमेरिका के एमएसएनबीसी टेलिविजन नेटवर्क ने सूत्रों के हवाले से इस बात की जानकारी दी। एमएसएनबीसी के अनुसार इस गोलीबारी में कम से कम नौ लोगों को गोली लगी है। गोलीबारी करने वाले संदिग्ध हमलावर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
 
गोलीबारी करने वाले हमलावर की पहचान 26 वर्षीय एस्टेबन सेंटियागो के रूप में की गई है। फ्लोरिडा से अमेरिकी सीनेट के सदस्य बिल नेल्सन के एक प्रवक्ता ने परिवहन सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत में यह जानकारी दी।  
 
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार 26 वर्षीय एस्टेबन सेंटियागो को गत वर्ष आर्मी नेशनल गार्ड से छुट्टी दी गई थी। सेंटियागो इराक में कार्यरत रह चुका है।
 
हवाई अड्डे के टि्वटर अकाउंट पर किए गए पोस्ट के अनुसार टर्मिनल-2 पर गोलीबारी हुई। हवाई अड्डे के प्रवक्ता की ओर से इस घटना के संबंध में अभी तक कोई भी आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
 
व्हाइट हाउस की पूर्व प्रेस सचिव एरी फ्लीशर ने ट्वीट किया, 'मैं अभी फोर्ट लॉडरडेल हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूं, गोलियां चलने की कई आवाजें सुनी हैं। सब भाग रहे हैं।'
 
फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट के कार्यालय ने एक वक्तव्य जारी कर बताया कि स्कॉट घटनास्थल का जायजा लेने के लिए हवाई अड्डे की ओर रवाना हो गए हैं।
 
अमेरिका की केन्द्रीय जांच एजेंसी एफबीआई के मियामी स्थित कार्यालय के एक प्रवक्ता ने ई-मेल के माध्यम से बताया कि इस घटना के बाद जांच एजेंसी स्थानीय प्रशासन के संपर्क में बनी हुई है।
 
गौरतलब है कि फोर्ट लॉडरडेल हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की दृष्टि से दक्षिणी फ्लोरिडा का दूसरा सबसे बड़ा हवाई अड्डा है। इस क्षेत्र में मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सबसे प्रमुख हवाई अड्डा है। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

राम मंदिर कभी भाजपा का मुद्दा नहीं रहा : साक्षी महाराज