Publish Date: Wed, 09 Mar 2016 (10:54 IST)
Updated Date: Wed, 09 Mar 2016 (10:58 IST)
तरनेत। विशाल इंडोनेशियाई द्वीपसमूह के समूचे भाग पर आज पूर्ण सूर्यग्रहण देखा गया और आकाशीय नजारा देखने वालों ने जमकर इसका लुत्फ उठाया, मुस्लिमों ने दुआएं कीं और आदिवासियों ने कर्मकांड किए।
सुबह छह बजकर 19 मिनट (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार मंगलवार रात 11 बजकर 19 मिनट) पर चंद्रमा पृथ्वी और सूरज के बीच सरकने लगा और तकरीबन एक घंटा बाद देश के पश्चिमी हिस्से में पूर्ण सूर्यग्रहण का नजारा दिखा।
इसके बाद सूर्यग्रहण के दायरे में पूर्वी मलुकू द्वीपसमूह आए और यह प्रशांत महासागर से लगे देशों में पसर गया।
एशिया और ऑस्ट्रेलिया के कुछ अन्य हिस्सों में आंशिक ग्रहण देखा गया। कुआलालंपुर में स्कूली बच्चों ने ग्रहण देखने वाला चश्मा पहनकर इस आकाशीय दृश्य को देखा और सिंगापुर में भी लोग इस अद्भुत घटना को देखने के लिए घरों से बाहर निकले।
हजारों विदेशी नागरिक और इंडोनेशियाई सैलानी इस नजारे को देखने के लिए इंडोनेशिया में उन जगहों पर जमा हुए जहां से वह इस अद्भूत नजारे का पूरा लुत्फ मिल सकता था। ऐसी जगहों पर इसके लिए विशेष आयोजन किए गए। (भाषा)