Publish Date: Tue, 31 Oct 2017 (15:00 IST)
Updated Date: Tue, 31 Oct 2017 (15:08 IST)
वाशिंगटन। व्हाइट हाउस में पहले हैलोविन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप अपनी ट्रेड मार्क लाल टाई में नजर आए। हैलोविन की पूर्व संध्या पर ट्रंप और मेलेनिया ने करीब 6,000 बच्चों और वयस्कों के साथ ‘ट्रिक और ट्रीट’ का खेल खेला।
कोलंबिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया जिलों के करीब 20 स्कूलों के बच्चों ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित इस कार्यक्रम में सैनिकों के परिवारों और अन्य लोगों के साथ हिस्सा लिया।
पूरा लॉन भुतहा संगीत से गूंज रहा था। फॉग मशीनें लगाई गई थीं। लॉन के प्रवेश को सीताफल से सजाया गया था, जिसमें सभी पूर्व राष्ट्रपतियों के चेहरे बनाए हुए थे। चारों ओर जालों से काली-काली मकड़ियां लटक रही थीं।
ट्रंप और प्रथम महिला ने हैलोविन भोज में डायनोसोर सहित तमाम तरह के जानवरों, कंकालों, भूतों, पिशाचों का स्वागत किया और उनके साथ समारोह का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को विशेष उपहार सहित घर में बने बिस्कुट और अन्य टॉफी-चॉकलेट दिए गए। (भाषा)