Publish Date: Thu, 23 Aug 2018 (10:33 IST)
Updated Date: Thu, 23 Aug 2018 (10:35 IST)
बीजिंग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान की सकारात्मक टिप्पणियों का स्वागत करते हुए चीन ने कहा है कि वह दोनों देशों के संबंध में सुधार के लिए रचनात्मक भूमिका निभाना चाहता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के संबंधों में सुधार क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए बहुत जरूरी है।
पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कांग ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के नेताओं ने शांति प्रक्रिया को लेकर जो बयान दिए हैं, हम उनका स्वागत करते हैं। दोनों देश दक्षिण एशिया के लिए महत्वपूर्ण हैं। भारत और पाकिस्तान का साझा पड़ोसी होने के नाते चीन उनके बीच मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू करने का समर्थन करता है। हमें उम्मीद है कि दोनों देश क्षेत्रीय शांति और विकास के लिए प्रतिबद्ध बने रहेंगे।
चीन इसमें सकारात्मक भूमिका निभाना चाहता है। यह पूछे जाने पर कि सकारात्मक भूमिका से क्या उनका तात्पर्य भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करना है, कांग ने कहा कि यह पहले से निर्धारित नहीं है कि हम किस तरह काम करेंगे।