Publish Date: Thu, 15 Dec 2016 (11:20 IST)
Updated Date: Thu, 15 Dec 2016 (11:34 IST)
न्यूयॉर्क। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को पेप्सीको की अध्यक्ष इंद्रा नूई को राष्ट्रपति के स्ट्रेटेजिक एंड पॉलिसी फोरम में सदस्य नियुक्त किया। यह फोरम अपने आर्थिक एजेंडे के क्रियान्वयन पर उनसे परामर्श करेगा।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया में सबसे अभिनव और अग्रणी कंपनियां हैं और आज इस फोरम में शामिल होने वाले मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपने क्षेत्र में शीर्ष पर हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक माहौल में सुधार करने और पूरे अमेरिका में नए रोजगारों के सृजन के लिए मेरी सरकार निजी क्षेत्रों के साथ मिलकर काम करने जा रही है।
ब्लैकस्टोन के सीईओ स्टीफन स्वार्जमान इस फोरम का नेतृत्व कर रहे हैं और इसमें जनरल इलेक्ट्रीक के पूर्व सीईओ जैक वेल्च, स्पेस एक्स और टेसला के सीईओ एलोन मुस्क, उबर के सीईओ कालानिक, चेज के जैमी डिमॉन और जेनरल मोटर्स के सीईओ मैरी बारा शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि इंद्रा नूई पेप्सीको की प्रमुख हैं, जिसका सालाना राजस्व 63 अरब डॉलर है और इसमें 1.10 लाख कर्मचारी काम करते हैं।