Publish Date: Fri, 10 Jan 2020 (09:24 IST)
Updated Date: Fri, 10 Jan 2020 (09:26 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान अमेरिकी प्रतिबंधों से बुरी तरह से परेशान है और उसके पास परमाणु हथियार कभी नहीं होंगे।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा कि ईरान वर्तमान में अराजक है। वे अपनी अर्थव्यवस्था बहुत जल्द ठीक कर सकते हैं। देखते हैं कि वे बातचीत करेंगे अथवा नहीं। इराक में अमेरिकी बलों पर ईरान के हमले के बाद उस पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं।
ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार कभी नहीं होंगे। उन्हें भी यह पता है। हमने उन्हें सख्ती से यह बता दिया है। ईरान अब उस तरह धनवान नहीं है, जब पूर्व राष्ट्रपति (बराक) ओबामा ने उसे 150 अरब डॉलर दिए थे। ट्रंप ने 8 जनवरी को घोषणा की थी कि जब तक वे राष्ट्रपति हैं, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि हम देंखेंगे कि वे बातचीत करना चाहते हैं कि नहीं? हो सकता है कि वे चुनाव तक इंतजार करें और (जो) बिडेन अथवा पोचाहोंटास अथवा (पेटे) बुटीगिएग जैसे कमजोर डेमोक्रेट या इनमें से किसी एक के साथ बातचीत करें।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंध से ईरान को बुरी तरह से नुकसान हो रहा है। यह सब बहुत जल्दी समाप्त हो सकता है, लेकिन वे ऐसा चाहते हैं कि नहीं यह उनके ऊपर है, मेरे ऊपर नहीं।