Publish Date: Wed, 06 Jul 2022 (20:16 IST)
Updated Date: Wed, 06 Jul 2022 (20:25 IST)
अबुजा। नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में जेल पर जिहादियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद करीब 600 कैदी भाग गए। विद्रोहियों ने हमला कर ड्यूटी पर मौजूद एक सुरक्षा प्रहरी की भी हत्या कर दी।हालांकि जेल से भागे करीब 300 कैदियों को पकड़ लिया गया है।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने इस घटना के लिए इस्लामी चरमपंथी विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारियों ने बताया कि जेल से भागे करीब 300 कैदियों को पकड़ लिया गया है।
नाइजीरिया के गृह मंत्रालय के स्थाई सचिव शुऐब बेलगोर के मुताबिक विद्रोहियों ने मंगलवार रात को अबुजा में कुजे जेल पर हमला कर ड्यूटी पर मौजूद एक सुरक्षा प्रहरी की हत्या कर दी। अबुजा के कुजे इलाके में रात करीब 10 बजे गोली चलने की आवाज सुनी गई। हमलावरों ने विस्फोट कर जेल में घुसने के लिए रास्ता बनाया।
जेल पर हमला करने वाले इस्लामी चरमपंथी देश के उत्तर-पूर्व हिस्से में एक दशक से अधिक समय से चरमपंथी गतिविधियों में संलिप्त हैं। बेलगोर ने कहा, हमारा मानना है कि वे बोको हराम हैं। वे सह-षड्यंत्रकारियों के लिए विशेष रूप से आए थे।
उन्होंने कहा, हमने जेल से भागे करीब 600 कैदियों में से लगभग 300 को पकड़ लिया है। नाइजीरिया के जिहादियों ने देश के उत्तर-पूर्व हिस्से में कई बार जेल पर हमला किया है, लेकिन राजधानी में इस तरह का यह पहला हमला है।(भाषा)