Publish Date: Mon, 04 Sep 2017 (18:31 IST)
Updated Date: Mon, 04 Sep 2017 (18:34 IST)
लंदन। ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन अपने तीसरे बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं। केन्सिंगटन पैलेस ने आज केट के गर्भवती होने की घोषणा की।
पहले से संकेत मिल रहे थे कि 35 साल की डचेज ऑफ कैंब्रिज गर्भवती हैं। शाही दंपति के पहले से दो बच्चे - राजकुमार जॉर्ज और राजकुमारी शार्लोट - हैं जिनकी उम्र क्रमश: चार और दो साल है। जॉर्ज इस हफ्ते से लंदन में स्कूल जाना शुरू कर देंगे।
केन्सिंगटन पैलेस ने एक बयान में कहा, ‘ड्यूक और डचेज ऑफ कैंब्रिज को इस बात की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि डचेज ऑफ कैंब्रिज गर्भवती हैं और हम तीसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं।’
बयान के अनुसार, ‘महारानी (एलिजाबेथ द्वितीय) और दोनों परिवारों के लोग खबर से बेहद खुश हैं। डचेज का केन्सिंगटन पैलेस में ध्यान रखा जा रहा है।’ (भाषा)