Publish Date: Fri, 09 Jun 2017 (14:25 IST)
Updated Date: Fri, 09 Jun 2017 (14:28 IST)
अस्ताना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवाद मानव मूल्यों का सबसे बड़ा दुश्मन है। लिहाजा सभी देशों को मिलकर इसके खिलाफ लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी देशों के साथ हमारे संबंध ऐतिहासिक हैं।
कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में हो रहे इस शिखर सम्मेलन में भारत और पाकिस्तान को एससीओ की पूर्णकालिक सदस्यता दी गई। साल 2001 के बाद पहली बार चीन के प्रभुत्व वाले इस संगठन का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही इसकी सदस्य संख्या छह से बढ़कर आठ हो गई।
मोदी ने कहा कि पर्यावरण को लेकर भी एससीओ अपना ध्यान केंद्रित कर सकता है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने एससीओ में शामिल होने के लिए भारत को बधाई दी।
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान आतंक का पीड़ित रहा है। ऐसे में यह संगठन आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाएगा।