Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मोदी, अंबानी, पिचई इस साल ‘टाइम पर्सन’ के प्रतिस्पर्धियों की सूची में

Advertiesment
Narendra Modi
न्यूयॉर्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और गूगल के भारतीय मूल के मुख्य कार्यकारी सुंदर पिचई उन 50 वैश्विक हस्तियों में शामिल हैं जिनके नाम 'टाइम' पत्रिका के सालाना ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धियों की सूची में शामिल हैं।



 

‘टाइम पर्सन ऑफ द ईयर’ 2015 की घोषणा अगले महीने होगी और पत्रिका ने कहा कि यह सम्मान उस व्यक्ति को दिया जाएगा, जो अच्छी या बुरी वजहों से सबसे अधिक चर्चा में रहे हैं।

टाइम ने कहा कि मोदी ने भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को प्रोत्साहित किया और वे विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के आधुनिकीकरण की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें उन विवादों का भी सामना करना पड़ा जिन्हें कुछ लोग दक्षिणपंथी अतिवाद मानते हैं।

मोदी पिछले साल भी सम्मान की प्रतिस्पर्धी सूची में थे। उन्हें हालांकि टाइम के संपादकों ने सम्मान के लिए नहीं चुना लेकिन पाठकों के सर्वेक्षण में उन्हें विजेता घोषित किया गया और उन्हें 50 लाख मत में से 16 प्रतिशत से अधिक मत मिले।

अंबानी के संबंध में 'टाइम' ने कहा कि भारत में सबसे अमीर व्यक्ति रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन हैं जिनके पास दूरसंचार परिसंपत्तियों से लेकर विश्व की कच्चे तेल की सबसे बड़ी रिफाइनरी तक है। अन्य प्रतिस्पर्धियों में पिचई भी शामिल हैं।

'टाइम' ने कहा कि गूगल में 11 साल गुजारने के बाद पिचई इस कंपनी के प्रमुख बने। एक अलग तरह के सर्वेक्षण ‘फेस ऑफ’ (मुकाबला) में मोदी को जिनपिंग के बरअक्स रखा गया है जबकि अंबानी को नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के मुकाबले में रखा गया है।

'टाइम' ने अपने पाठकों से कहा है कि वे ऐसे व्यक्ति के लिए मत दें जिनके बारे में उन्हें लगता है कि ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार दिया जाना चाहिए। पाठकों की पसंद का सम्मान जीतने वाले की घोषणा अगले महीने की जाएगी, उसके बाद 'टाइम' के संपादक सम्मान के लिए 58 उम्मीदवारों में से एक का चुनाव करेंगे।

मोदी को अब तक 1.3 प्रतिशत मत मिले हैं और इतने ही मत पिचई और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मिले हैं। अंबानी को सिर्फ 0. 2 प्रतिशत मत मिले हैं।

इस साल का सम्मान पाने की दौड़ में शामिल अन्य उम्मीदवारों में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलोंद, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, आईएसआईएस नेता अबु बक्र अल बगदादी, अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन, सीरिया, अफगानिस्तान और पूर्वी तथा पश्चिमी अफ्रीका से भागने वाले शरणार्थी, पाकिस्तान की नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजयी, टेस्ला प्रमुख एलोन मस्क, एपल के मुख्य कार्यकारी टिम कुक और पिछले साल के सम्मान विजेता पोप फ्रांसिस शामिल हैं।

पिछले 9 दशकों में टाइम के उम्मीदवारों में महात्मा गांधी, एडोल्फ हिटलर, एलिजाबेथ द्वितीय से लेकर अमेरिकी सैनिक, प्रदर्शनकारी, भंडाफोड़ करने वाले आदि शामिल रहे हैं।

टाइम ने कहा कि 2015 की सूची ऐसी हस्तियों से भरी पड़ी है जिन्होंने इस साल को परिभाषित किया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi