Publish Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:15 IST)
Updated Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:18 IST)
कानो (नाइजीरिया)। पूर्वोत्तर नाइजीरिया में तेल की खोज करने वाले एक दल पर बोको हराम के हमले में 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। सैन्य एवं चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि हमला इस सप्ताह की शुरुआत में किया गया था।
मैगुमेरी के पास मंगलवार को हुए हमले के बाद किए जा रहे राहत कार्य से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि मृतक संख्या बढ़ रही है। अभी तक 50 से अधिक शव बरामद हो चुके हैं तथा और शव बरामद हो रहे हैं। बोको हराम हिंसा के मुख्य केंद्र बोरनो राज्य में सेना का कड़ा नियंत्रण है। वहां पहले अपहरण का एक प्रयास किए जाने की खबर मिली थी लेकिन बाद में घात लगाकर हमला होने की बात सामने आई।
संघर्ष में दूरसंचार सेवाएं एवं अन्य बुनियादी ढांचे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए। वर्ष 2009 से चल रहे इस संघर्ष में अभी तक कम से कम 20,000 लोगों की मौत हो चुकी है और 26 लाख से अधिक लोग बेघर हुए हैं।
सेना ने बुधवार को कहा था कि ‘नाइजीरियन नेशनल पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन’ (एनएनपीसी) और मैदुगुरी विश्वविद्यालय के भू-वैज्ञानिकों के एक दल को निशाना बनाकर किए गए हमले में 10 लोगों की मौत हुई है।
मैगुमेरी में सहायक एजेंसी के एक कार्यकर्ता ने गुरुवार को कहा कि मैगुमेरी के पास झाड़ियों से गुरुवार रात 7 बजे तक करीब 47 शव बरामद किए जा चुके थे। गुरुवार शाम तक 6 और शव बरामद किए गए और अभी कई और शव बरामद हो सकते हैं। खोज एवं बचाव दल अभी इलाके में तैनात हैं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:15 IST)
Updated Date: Fri, 28 Jul 2017 (10:18 IST)