Publish Date: Wed, 31 May 2017 (11:42 IST)
Updated Date: Wed, 31 May 2017 (11:52 IST)
सेमारांग। अपनी रंग बिरंगी छटा को समेटे 'इंद्रधनुषी गांव' के नाम से चर्चित इंडोनेशिया का एक गांव आजकल इंटरनेट पर धूम मचा रहा है। रंगों के संयोजन से इस गांव को नया रूप प्रदान किया गया है जो बरबस ही आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
पर्वतीय क्षेत्र में नदी के पास बसा यह गांव बेहद ठेठ, कम आय वाले इंडोनेशियाई लोगों का बसेरा है। गांव को नया रंग रूप देने से पहले ऐसा लगता था मानो मामूली से दिखने वाले करीब 200 घरों का यह बसेरा खुशियों के रंग से महरूम था। लेकिन सेमारांग स्थित वोनोसारी समुदाय के निवासियों ने इसे नया रूप देने का कठिन फैसला किया। इसके लिए उन्हें स्थानीय सरकार से राशि मिली और कई कंपनियों ने भी इस परियोजना में सहयोग दिया।
महीनों चले इस अभियान के तहत घरों का फिर से रंग रोगन किया गया। इस पूरी परियोजना पर 200,000 डॉलर की लागत आई और पास की प्रदूषित नदी को भी स्वच्छ किया गया।
स्थानीय मेयर ने जावा द्वीप पर स्थित इस नए सजे धजे इलाके को अप्रैल मध्य में जनता के लिए खोल दिया और देखते ही देखते यह 'इंद्रधनुषी गांव' के नाम से स्थानीय पहचान बनकर उभरा। (भाषा)