Publish Date: Sat, 28 May 2016 (14:31 IST)
Updated Date: Sat, 28 May 2016 (14:47 IST)
रियो डी जेनेरियो। पुलिस ने लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े देश में 16 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में 4 लोगों की पहचान कर ली है और उसकी तलाश कर रही है। बलात्कार के मामले में 30 से अधिक लोग शामिल थे और इस घटना से महिलाओं के खिलाफ हिंसा की स्थानीय समस्या उजागर होती है।
लैंगिकता से संबंधित अपराधों पर विचार करने के लिए कार्यवाहक राष्ट्रपति मिशेल टेमर ने ब्राजील के राज्यों के सभी सुरक्षा मंत्रियों की एक आपात बैठक बुलाई थी जिसके बाद यह घोषणा की गई है।
टेमर ने एक बयान में कहा है कि हम लोग 21वीं सदी में रह रहे हैं और उसमें इस तरह के जघन्य अपराधों का होना विचित्र है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने के लिए एक संघीय पुलिस बल इकाई के गठन का वादा किया है।
हमले को लेकर कई लोगों द्वारा ऑनलाइन मजाक उड़ाए जाने, ग्राफिक्स फोटो और किशोरी के बेहोशी वाले निर्वस्त्र वीडियो जारी करने के बाद यह मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने 4 लोगों को पकड़ने और अन्य लोगों की पहचान करने के लिए लोगों से मदद करने को कहा है। स्थानीय रिपोर्ट में बताया गया है कि सूचना साझा करने के लिए बनाए गए एक हॉटलाइन पर 800 से अधिक लोगों ने फोन किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पिछले शनिवार को उस समय हुई, जब लड़की रियो डी जेनेरियो के पश्चिमी हिस्से में झुग्गी बस्ती इलाके साओ जोआओ में अपने ब्यॉयफ्रेंड के यहां गई थी।
'ओ ग्लोबो'' समाचार पत्र में एक संक्षिप्त बयान में 16 वर्षीय लड़की ने कहा कि मैं चाहती हूं कि भगवान न्याय करे। मैं तबाह हो गई हूं। उसने कहा कि यह एक कलंक है जिससे मैं सबसे अधिक दुखी हूं। यह ऐसा है मानो लोग कह रहे हैं कि यह इसकी गलती है। उसने छोटे कपड़े पहने थे। मैं लोगों को बताना चाहती हूं कि यह पीड़ित औरत की गलती नहीं होती है। (भाषा)