Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राष्‍ट्रपति पुतिन का बड़ा ऐलान, रूस ने यूक्रेन के अलगाववादी क्षेत्रों को दी मान्यता

हमें फॉलो करें राष्‍ट्रपति पुतिन का बड़ा ऐलान, रूस ने यूक्रेन के अलगाववादी क्षेत्रों को दी मान्यता
, मंगलवार, 22 फ़रवरी 2022 (07:29 IST)
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादी क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता दे दी है। रूस के इस फैसले से यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की पश्चिम देशों की आशंका के बीच तनाव और बढ़ेगा।
 
राष्ट्रपति की सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद पुतिन ने यह घोषणा की और इसी के साथ मॉस्को समर्थित विद्रोहियों और यूक्रेनी बलों के बीच संघर्ष के लिए रूस के खुलकर बल और हथियार भेजने का रास्ता साफ हो गया है।
 
पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में यूक्रेन के 2 प्रांतों को अलग देश के रूप में मान्यता दे दी। कहा कि यूक्रेन अमेरिका की कॉलोनी बन चुका है। यूक्रेन में कठपुतली सरकार चल रही है। 
पश्चिमी देशों को इस बात का डर है कि रूस किसी भी समय यूक्रेन पर हमला कर सकता है और वह पूर्वी यूक्रेन में झड़पों को हमला करने के लिए बहाने के तौर पर इस्तेमाल कर सकता है।
 
इससे पहले, यूक्रेन के अलगाववादी नेताओं ने टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान के जरिए रूस के राष्ट्रपति से अनुरोध किया था कि वे अलगाववादी क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता दें और मित्रता संधियों पर हस्ताक्षर करके उनके खिलाफ जारी यूक्रेनी सेना के हमलों से उनकी रक्षा करने के लिए सैन्य सहायता भेजें। रूस के निचले सदन ने भी पिछले सप्ताह इसी प्रकार की अपील की थी।
 
पुतिन ने रूसी सांसदों से यूक्रेन के विद्रोही क्षेत्रों के साथ संधियों पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया, जिससे कि उन्हें मॉस्को का सैन्य समर्थन मिल सके।
 
यूरोपीय संघ यूक्रेन के साथ : वहीं, यूरोपीय संघ ने यूक्रेन के अलगाववादी क्षेत्रों को मान्यता देने के रूस के कदम को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार देते हुए कहा कि वह इसमें शामिल लोगों पर प्रतिबंध लगाएगा। इसने यूक्रेन की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
 
UNSC ने बुलाई इमरजेंसी बैठक : रूस के फैसले के बाद संयुक्त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद ने आज आपात बैठक बुलाई गई है। यह बैठक कुछ ही देर में शामिल होगी। 
 
गौरतलब है कि रूस ने रविवार को यूक्रेन की उत्तरी सीमाओं के पास सैन्य अभ्यास बढ़ा दिया था। उसने यूक्रेन की उत्तरी सीमा से लगे बेलारूस में करीब 30,000 सैनिकों की तैनाती की है। साथ ही यूक्रेन की सीमाओं पर 1,50,000 सैनिकों, युद्धक विमानों और अन्य साजो-सामान की तैनाती कर रखी है। कीव की आबादी करीब 30 लाख है। (एजेंसियां)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Weather Update : देश में 2022 में सामान्य रहेगा मानसून : स्काईमेट का पूर्वानुमान