शिया समुदाय के एक बैठक हॉल में गोलीबारी, 5 मरे
Publish Date: Sat, 17 Oct 2015 (08:56 IST)
Updated Date: Sat, 17 Oct 2015 (10:39 IST)
रियाद। पूर्वी सऊदी अरब में एक बंदूकधारी ने शिया मुसलमानों पर गोलीबारी करके पांच लोगों को मार डाला। पुलिस की कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया। सुन्नी चरमपंथी समूह इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने का दावा करने वाले एक समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
सुन्नी बहुल सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत कातिफ में आशुरा शुरू होने के दो दिन बाद हुई यह घटना बम विस्फोट और गोलीबारी की घटनाओं की हालिया कड़ी का
हिस्सा है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘गोलीबारी में एक महिला सहित पांच लोग मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए।’ उन्होंने कहा कि कल शाम करीब सात बजे (भारतीय समयानुसार रात 9 बजकर 30 मिनट) स्वचालित हथियार से लैस एक संदिग्ध ने कातिफ शहर के सैहात स्थित अल
हैदरयिा हुसैनिया में ‘अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।’ प्रवक्ता ने बताया कि बाद में पुलिस ने संदिग्ध को मार गिराया। खुद को ‘इस्लामिक स्टेट-बहरीन स्टेट’ कहने वाले एक समूह ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि इसके ‘सैनिक’ शुगा अल दोसारी ने सैहात में ‘शिया काफिर स्थल पर स्वचालित हथियार से हमला किया।’
पिछले साल आशुरा के दौरान बंदूकधारियों ने पूर्वी अल दालवा शहर में बच्चों सहित सात शिया श्रद्धालुओं की हत्या कर दी थी। स्थानीय निवासी हुसैन अल नेम्र ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना कल शाम हुई तीन घटनाओं से एक है। (भाषा)