Publish Date: Fri, 17 Nov 2017 (10:55 IST)
Updated Date: Fri, 17 Nov 2017 (16:19 IST)
सिडनी। एक नौसिखिया सर्फर ने ऑस्ट्रेलिया के समुद्र में शॉर्क के हमले से खुद को बड़ी समझदारी से सुरक्षित बचाने का कमाल दिखाया। इंग्लैंड के रहने वाले चार्ली फ्राई एक ब्रिटिश डॉक्टर हैं। चार्ली ऑस्ट्रेलिया घूमने के लिए आए थे, अपने सफर के दौरान बीते 14 नवंबर को वह सिडनी से करीब 90 किलोमीटर दूर अवोका बीच पर अपने दो साथियों के साथ पहुंचे।
यहां उन्होंने समुद्र में सर्फिंग का मजा लेने की योजना बनाई। इस दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने इस शौकिया नए नवेले सर्फर को बेहद खास इंसान बना दिया। शॉर्क के हमले से बचे समुद्र में सर्फिंग का मजा लेते हुए चार्ली को अचानक अपने दाएं कंधे में तेज दर्द का अहसास हुआ। दर्द इतना जानलेवा था कि उनकी आंखें बंद होने लगी जिसे कहते है दर्द से अंधा होना।
उन्होंने पलट कर देखा तो एक शॉर्क उन पर दोबारा हमला करने के लिए जबड़ा खोले तैयार थी। चार्ली को
कुछ समझ नहीं आया और उन्होंने अपने बाएं हाथ से शॉर्क को तेज घूंसा मारा जो उसकी नाक पर लगा।
हमले से शॉर्क पीछे हटी और उन्हें मौका मिल गया कि वे उसके दातों में फंसने से पहले भाग सकें।
वे तेजी से अपने दोस्तों की ओर चिल्लाते हुए पलटे। चार्ली की खुशकिस्मती थी कि उसी समय एक तेज
लहर आई जिसने उन्हें किनारे की ओर पटक दिया। चार्ली ने ये सारी घटना एक वीडियो अपलोड करके
शेयर की है।
उन्होंने बताया कि उस समय उनको बिलकुल अहसास नहीं था कि उन्हें कितनी चोट आई है। वह सिर्फ
ये सोच पा रहे थे कि वे मरने वाले हैं। जब उनके दोस्तों ने देखा और कार में लेकर अस्पताल की ओर
भागे तब भी दर्द से ज्यादा उन्हें अहसास था कि वे मरते मरते बचे हैं, जिसके बाद उन्हें दर्द महसूस
होना शुरू हुआ और उन्हें चोट की गंभीरता का पता चला।
बाद में चार्ली ने बताया कि इस तरह खुद को बचाने की प्रेरणा उन्हें एक व्यावसायिक सर्फर माइक
फैनिंग से मिली, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट पर देखा था। वीडियो में फैनिंग ने
बताया था कि कैसे समुद्र में शॉर्क के हमले से बचा जा सकता है। चार्ली ने अपना वीडियो शेयर करते
हुए फैनिंग को धन्यवाद भी दिया, जिनकी वजह से उनकी जान बची।