Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा आतंकी हमला, 60 की मौत

हमें फॉलो करें पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा आतंकी हमला, 60 की मौत
क्वेटा , मंगलवार, 25 अक्टूबर 2016 (07:21 IST)
क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत क्वेटा शहर में एक पुलिस प्रशिक्षण अकादमी पर सोमवार रात को हुए आतंकवादी हमले में 60 से अधिक कैडेटों की मौत हो गए और 118 अन्य घायल हो गए। यह पाकिस्तान में इस वर्ष हुए सर्वाधिक भीषण हमलों में से एक है।
 
 
 
 
 
 
 
आतंकवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी में सरयाब रोड पर स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी पर बीती रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर हमला किया। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर अकादमी से सैकड़ों कैडेटों को बचाया।
 
एक सुरक्षा सूत्र ने कहा कि हमले में 60 से अधिक पुलिस कैडेट की मौत हो गई और करीब 115 लोग घायल हो
गए। इससे पहले बलूचिस्तान प्रांत के गृह मंत्री सरफराज बुगती ने बताया था कि तीन आतंकवादियों ने हमला किया था जबकि इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने हमले में पांच से छह आतंकवादियों के शामिल होने की आशंका जताई थी।
 
फ्रंटियर कोर के महानिरीक्षक मेजर जनरल शेर अफगान ने बताया कि घिर जाने के बाद दो आतंकवादियों ने खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया जबकि एक आतंकवादी सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में मारा गया। तीनों आतंकवादियों ने आत्मघाती जैकेट पहनी हुई थी। अफगान के अनुसार, समझा जाता है कि तीनों आतंकवादी पाकिस्तानी तालिबान के साथ संबद्ध आतंकवादी संगठन लश्कर ए झांगवी के अल अलीमी धड़े से थे।
 
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने चार घंटों में कॉलेज को खाली कराया। इस बीच पुलिस ने कहा कि परिसर को खाली करा लिया गया है लेकिन तलाशी अभियान अब भी जारी है। स्थानीय मीडिया में दिखाए जा रहे फुटेज में कुछ सुरक्षा वाहनों को कॉलेज से निकलते देखा जा रहा है।
 
बुगती ने बताया कि घायलों में ज्यादातर पुलिस कैडेट एवं सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। उन्हें क्वेटा में सैन्य अस्पताल, सिविल अस्पताल और बोलान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
आतंकवादियों ने बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों एवं राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों पर कई हमले किए हैं। बलूचिस्तान में पिछले एक दशक से भी अधिक समय से आतंकवाद एवं बढ़ती गुटीय हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं।
 
इस हमले से एक दिन पहले मोटरसाइकिल पर सवार बलूच लिबरेशन आर्मी के अलगाववादी बंदूकधारियों ने इसी प्रांत के ग्वादर बंदरगाह के निकट जिवानी तटीय शहर में दो तटरक्षकों एवं एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
 
क्वेटा के सिविल अस्पताल में अगस्त में एक आत्मघाती बम हमले में 73 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर वकील थे। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान से अलग हुए एक समूह और आईएस ने ली थी। (भाषा)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जम्मू कश्मीर-पाकिस्तान सीमा पर भूकंप के झटके