Publish Date: Thu, 08 Jan 2015 (08:41 IST)
Updated Date: Thu, 08 Jan 2015 (08:47 IST)
बेरूत/दुबई। फ्रांसीसी पत्रिका शार्ली एब्दो के दफ्तर पर बुधवार को किए गए हमले की आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने तारीफ की है। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
आईएस के एक आतंकवादी मुस्साब ने इस हमले की तारीफ करते हुए कहा कि यह इस्लाम के विरूद्ध बोलने का बदला है। सीरिया के इस आतंकवादी ने कहा कि इस्लाम के शेरों ने हमारे पैगम्बर के खिलाफ बोलने का बदला लिया है।
इंटरनेट के माध्यम से बात करते हुए उसने कहा कि यह हमारे शेर हैं। मैं और मेरे साथी इस आतंकवादी हमले से खुश हुये हैं। लोग हमसे डरें और ऐसा होना भी चाहिए।
फ्रांसीसी पत्रिका चाली हेब्दो के पेरिस स्थित दफ्तर में अज्ञात बंदूकधारियों के इस हमले में दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 12 लोग मारे गए जबकि 20 घायल हो गए जिसमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह मैगजीन मुस्लिम नेताओं और पैगम्बर मोहम्मद साहब पर व्यंग्यात्मक कार्टून प्रकाशित करने को लेकर पहले भी विवादों में रही है। हालांकि अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। (वार्ता)