Publish Date: Fri, 16 Feb 2024 (10:08 IST)
Updated Date: Fri, 16 Feb 2024 (10:13 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका (US) की प्रतिनिधि सभा ने क्वाड विधेयक (Quad Bill) पारित कर दिया है जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के बीच घनिष्ठ सहयोग के वास्ते राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के प्रशासन को एक 'क्वाड अंतर-संसदीय कार्य समूह' स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान में होगा सहयोग मजबूत: विधेयक 39 के मुकाबले 379 वोट से पारित हुआ। 'मजबूत अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया-भारत-जापान सहयोग' या चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) विधेयक में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के बीच संयुक्त सहयोग को मजबूत करने की बात कही गई है।
इसमें विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया गया है कि वह विधेयक के अधिनियमित होने के 180 दिनों के भीतर क्वाड के साथ कामकाज और सहयोग बढ़ाने की रणनीति कांग्रेस को प्रस्तुत करे और इसके अधिनियमन के 60 दिन के भीतर क्वाड अंतर-संसदीय कार्य समूह के गठन के लिए जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ बातचीत करे।
कांग्रेस के अधिकतम 24 सदस्य होंगे : कार्य समूह में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक अमेरिकी समूह की भी स्थापना होगी जिसमें कांग्रेस के अधिकतम 24 सदस्य होंगे। यह वार्षिक बैठकों और समूह नेतृत्व के लिए दिशानिर्देश भी तय करेगा। विधेयक में कहा गया है कि इस समूह को कांग्रेस की विदेश मामलों की समितियों को एक वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
डेमोक्रेटिक पार्टी के 2 सांसदों ने विधेयक के विरोध में मतदान किया। उनमें से एक मिनियापोलिस से कांग्रेस महिला इल्हान उमर हैं। सांसद ग्रेगरी मीक्स द्वारा पेश किए गए इस विधेयक में यह भी कहा गया है कि विदेश मंत्रालय को क्वाड के साथ कामकाज और सहयोग को मजबूत करने की रणनीति के बारे में भी कांग्रेस को जानकारी देनी होगी।
प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के वरिष्ठ सदस्य मीक्स ने कहा कि अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच चतुष्पक्षीय सुरक्षा वार्ता एक स्वतंत्र और खुले हिन्द-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने और क्षेत्र में अमेरिकी हितों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें