पाकिस्तान में 15 साल की एक लड़की के पेट से डॉक्टरों ने कीलें, सेफ्टी पिन और चुंबक के टुकड़ों जैसी चीजें निकाली है। करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी के बाद फातिमा हिफ्जा नाम की इस लड़की के पेट से धातु की बनी आधा किलो चीजें निकाली गईं।
शुक्रवार को फातिमा के पेट में जब बहुत तेज दर्द हुआ तो उसके माता-पिता ने शहर के सर गंगा राम अस्पताल में उसे भर्ती कराया। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि सर्जरी कल की गई थी।
अस्पताल की एक डॉक्टर हिना खान ने बताया कि हमने उसके पेट से तीन कीलें, सेफ्टी पिन का एक गुच्छा, चुंबक का एक छोटा सा टुकड़ा और धातु की बनीं अन्य चीजें निकालीं।
अल्ट्रासाउंड जांच में पाया गया था कि फातिमा के पेट में धातु की कुछ चीजें हैं। इसके बाद सर्जरी को अंजाम दिया गया।
खान ने बताया कि सर्जरी कामयाब रही। उन्होंने कहा कि मानसिक तौर पर असामान्य फातिमा ने धातु से बनी चीजें निगल ली थीं और उसे इनसे होने वाले नुकसान का कोई अंदाजा नहीं था। (भाषा)