मलेशिया के बोरनेओ में एक नदी के किनारे शौच करने गए एक व्यक्ति को मगरमच्छ ने काट खाया, लेकिन काफी जद्दोजहद के बाद किसी तरह वह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
खबरों में बताया गया है कि दो मीटर लंबे इस मगरमच्छ ने व्यक्ति के कमर के करीबी हिस्से पर दांत गड़ा दिया। जान बचाने के लिए व्यक्ति ने आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकार लगाई।
यह घटना कल तब हुई जब 32 वर्षीय एक व्यक्ति शौच के लिए नदी के किनारे गया। नदी में मगरमच्छ की बड़ी संख्या में मौजूदगी की भी उसे जानकारी थी।
निकट के एक निर्माण स्थल पर मजदूरी करने वाला यह शख्स एक पुल के नीचे शौच से निवृत्त होने गया था, तभी मगरमच्छ ने उसपर हमला किया।
व्यक्ति ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य था कि मैं बच गया। मैंने मगरमच्छ की आंखों पर मुक्के बरसाए। मगरमच्छ को पीछे हटने के लिए मजबूर करने के बाद भीषण पीड़ा के बावजूद मैं वहां से भागा। (भाषा)