अरे ओ सांभा.. कितने आदमी थे...
Publish Date: Mon, 18 Apr 2011 (23:40 IST)
Updated Date: Mon, 18 Apr 2011 (23:39 IST)
क्रिकेट के मैदान में अपने बल्ले की मार से प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाड़ियों को दहलाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर खुद को रिलेक्स करने के लिए हिन्दी फिल्में देखते हैं और उनका पसंदीदा डायलाग 'शोले' के गब्बर सिंह का है अरे ओ सांभा.. कितने आदमी थे...सचिन का कहना है कि फिल्में और संगीत ऐसी दो चीजें हैं जिनसे उन्हें रिलेक्स होने में मदद मिलती है। उन्होंने देवानंद की मशहूर फिल्म 'गाइड' अपने परिवार के साथ जाकर देखी थी। शोले ऐसी फिल्म है जिसे उन्होंने बार-बार देखा है।मास्टर ब्लास्टर अपने दोस्तों और सहयोगियों पर 'शोले' के गब्बर सिंह का यह डायलाग बराबर आजमाते रहते हैं 'अरे ओ सांभा.. कितने आदमी थे...।' सचिन फिल्में अपने बेटे अर्जुन के साथ देखना ज्यादा पसंद करते हैं और उनकी पत्नी अंजलि फिल्मों की बहुत शौकीन हैं।मास्टर ब्लास्टर को हल्के पुल्के मनोरंजन वाली फिल्में काफी पसंद आती हैं क्योंकि इसमें आप फिल्म को कहीं भी छोड़ सकते हैं और कहीं से दोबारा शुरू कर सकते हैं। वैसे उनके लिए किसी फिल्म पर दो तीन घंटे गुजारना काफी मुश्किल होता है और इस दौरान वह सो भी जाते हैं।भारतीय क्रिकेट में कई धुरंधर ऐसे रहे हैं जिनमें फिल्मों में भूमिका करने के मौके मिले हैं। सचिन को भी विधु विनोद चोपड़ा की 'फेरारी की सवारी' में भूमिका मिलने की अफवाहें उड़ी थीं लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।सचिन का कहना है कि उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिले हैं मगर वह किसी पर भी विचार नहीं कर पाएँगे। हालाँकि मास्टर ब्लास्टर विज्ञापनों के बादशाह हैं और कई विज्ञापनों में उनका चेहरा और उनकी अभिनय क्षमता नजर आती रहती है।भारतीय क्रिकेट में सलीम दुर्रानी, सुनील गावस्कर, संदीप पाटिल, सैय्यद किरमानी, विनोद कांबली, अजय जडेजा, कपिलदेव और नवजोत सिंह सिद्धू ने फिल्मों में थोड़ी बहुत भूमिका की है, मगर फिलहाल सचिन इस लीग में शामिल होने के लिए तैयार नहीं हैं। (वार्ता)