Publish Date: Fri, 24 Apr 2015 (21:00 IST)
Updated Date: Fri, 24 Apr 2015 (21:02 IST)
मुंबई। मुंबई इंडियंस के क्षेत्ररक्षण कोच के लिए आईपीएल 8 खुशियों का नया संदेश लेकर आया। भले ही आईपीएल के इस सीजन में मुंबई की टीम बुरी तरह पिट रही हो लेकिन गुरुवार का दिन दक्षिण अफ्रीका टीम के पूर्व क्रिकेटर के लिए इस लिए खास रहा क्योंकि वे एक बेटी के पापा बन गए।
जोंटी रोड्स की पत्नी मेलानी ने सातांक्रूज के एक अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है। जोंटी को भारत से विशेष लगाव है और इसी वजह से उन्होंने उसका नाम रखा 'इंडिया जेनी जोंटी रोड्स'। बच्ची का जन्म 'वाटर बर्थ थैरेपी' से हुआ है।
जोंटी रोड्स अपने समय के मशहूर क्रिकेटर रहे हैं और उनके क्षेत्ररक्षण की आज तक मिसाल दी जाती रही है। यही कारण है कि मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें अपना क्षेत्ररक्षण कोच नियुक्त किया है। गुरुवार की दोपहर में जोंटी की पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया।
पापा बनने की खबर से जोंटी बेहद खुश नजर आए और उन्होंने अपनी यह खुशी ट्विटर भी साझा की। जोंटी ने अपनी बेटी की ओर से मुंबई इंडियंस को भी शुभकामनाएं दीं। यह ट्वीट उन्होंने तब किया, जब गुरुवार को नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर मुंबई इंडियंस का मुकाबला दिल्ली डेयरडेविल्स के विरुद्ध खेला जा रहा था।
रोड्स ने ट्वीट किया 'मुंबई इंडियंस को बेबी रोड्स की तरफ से शुभकामनाएं। इंडिया जेनी रोड्स का जन्म 23 अप्रैल को दोपहर 3.29 पर हुआ और उसका वजन 3.7 किलो है, मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।'
webdunia
Publish Date: Fri, 24 Apr 2015 (21:00 IST)
Updated Date: Fri, 24 Apr 2015 (21:02 IST)