Publish Date: Fri, 15 May 2015 (15:29 IST)
Updated Date: Fri, 15 May 2015 (15:32 IST)
मोहाली। शीर्ष पर काबिज चेन्नई सुपर किंग्स शनिवार को जब अंक तालिका में सबसे नीचे काबिज किंग्स इलेवन पंजाब से खेलेगी तो उसका इरादा आईपीएल के प्लेऑफ चरण में जगह पक्की करने का होगा।
चेन्नई फिलहाल 13 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक लेकर शीर्ष पर है। अगर शनिवार को वह जीतती है तो उसका शीर्ष 2 में रहना तय हो जाएगा, लेकिन पंजाब से हारने पर उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों पर तुषारापात हो सकता है, क्योंकि प्लेऑफ में प्रवेश के लिए 5 टीमों में कांटे का मुकाबला है। ऐसे में महेंद्र सिंह धोनी की टीम की किस्मत बाकी मैचों के परिणाम पर भी निर्भर होगी।
कोलकाता नाइटराइडर्स 15 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि तीसरे स्थान पर काबिज सनराइजर्स हैदराबाद के 12 मैचों में 14 अंक हैं। मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के 13 मैचों में 14 अंक हैं जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 12 मैचों में 13 अंक हैं। अभी तक सिर्फ 2 टीमें दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई हैं।
चेन्नई को रायपुर में पिछले मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 6 विकेट से हराया। उस मैच में ड्वेन स्मिथ, ब्रेंडन मैक्कुलम, सुरेश रैना, फाफ डु प्लेसिस, कप्तान धोनी और ड्वेन ब्रावो जैसे सितारे चेन्नई के लिए 6 विकेट पर 119 रन ही बना सके। (भाषा)