Publish Date: Sun, 19 Apr 2015 (23:07 IST)
Updated Date: Sun, 19 Apr 2015 (23:11 IST)
अहमदाबाद। चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराकर आईपीएल में लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने वाले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वॉटसन ने चेन्नई जैसी मजबूत टीम को 156 रन पर रोकने के लिए अपने गेंदबाजों की तारीफ की।
इस सत्र का पहला मैच खेलने वाले वॉटसन ने कहा पिच धीमी और सूखी थी लेकिन हमने हालात को जल्दी भांप लिया और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करके हमें जीत का मौका दिया। क्रिस मौरिस ने बेहतरीन गेंदबाजी की।
उन्होंने कहा चेन्नई के लिए ड्वेन ब्रावो ने उम्दा पारी खेली लेकिन मैं अपने खिलाड़ियों से प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। चेन्नई बेहतरीन टीम है और उसे हराना अच्छा रहा। हमारे प्रदर्शन में साल दर साल निखार आ रहा है और इस साल खरीदे गए खिलाड़ियों ने टीम के अनुकूल खुद को बखूबी ढाल लिया है।
टीम के मेंटर राहुल द्रविड़ ने कहा हम शुरू ही से अच्छा खेल रहे हैं लेकिन यह परफेक्ट मैच था। चेन्नई बड़ी टीम है और मैं इस प्रदर्शन से खुश हूं। चेन्नई जैसी टीम को 160 रन से कम पर रोकने के लिए गेंदबाज वाकई प्रशंसा के पात्र हैं। (भाषा)