Publish Date: Sun, 03 May 2015 (14:24 IST)
Updated Date: Sun, 03 May 2015 (14:27 IST)
हैदराबाद। अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे चेन्नई सुपरकिंग्स पर जीत से उत्साहित सनराइजर्स हैदराबाद के कोच टाम मूडी ने कहा कि उनकी टीम को अंतिम 4 में अपनी जगह सुरक्षित करने के लिए अभी काफी राह तय करनी है और उसे बाकी बचे मैचों में भी अपनी लय बरकरार रखने की जरूरत है।
मूडी ने शनिवार रात सनराइजर्स की चेन्नई पर 22 रन से जीत के बाद कहा कि हमें अब भी काफी कड़ी मेहनत करनी है। हम आखिरी 4 में पहुंचना चाहते हैं और यह उस दिशा में अभी पहला कदम है। यह महत्वपूर्ण कदम है। केकेआर के खिलाफ अगला मैच भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। यहां की तुलना में परिस्थितियां एकदम से भिन्न होंगी।
चेन्नई के खिलाफ जीत से सनराइजर्स के 8 मैचों में 8 अंक हो गए हैं। वह अभी आईपीएल में भाग ले रही 8 टीमों के बीच 5वें स्थान पर है।
इस बीच चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने हार पर निराशा जताई और कहा कि पहले 6 ओवर में उन्होंने मैच गंवा दिया। उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि हम मैच हार गए। मुझे लगता है कि पहले 6 ओवर में हम मैच गंवा बैठे थे। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 03 May 2015 (14:24 IST)
Updated Date: Sun, 03 May 2015 (14:27 IST)