Publish Date: Sat, 23 May 2015 (18:30 IST)
Updated Date: Sat, 23 May 2015 (18:44 IST)
कोलकाता। बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग के आठ टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम के रूप में चेन्नई सुपरकिंग्स की सफलता का श्रेय उनके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व क्षमता को दिया जाना चाहिए।
रैना ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ फाइनल की पूर्व संध्या पर कहा, धोनी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले कप्तान हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता है। यही कारण है कि हम आठ बार में से छह बार फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने 2013 में कोलकाता में ही सीएसके को फाइनल में हराकर उसे तीसरे खिताब से वंचित किया था और यह हार अब भी रैना के जेहन में ताजा है।
रैना ने सतर्क लहजे में कहा, जब आप मुंबई इंडियंस का सामना कर रहे हों तो आपको काफी अच्छा क्रिकेट खेलना होता है। हमें अब भी 2013 फाइनल में उनके खिलाफ मिली हार याद है। सुपरकिंग्स के मध्यक्रम के अहम बल्लेबाज रैना ने कहा कि ईडन गार्डंस की धीमी पिच पर सफलता का राज साझेदारियां बनाना होगा। (भाषा)