Publish Date: Sat, 02 May 2015 (22:47 IST)
Updated Date: Sat, 02 May 2015 (22:54 IST)
नई दिल्ली। भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के तीसरे सप्ताह में ट्विटर चार्ट पर शीर्ष पर रहे।
आठ अप्रैल से शुरू हुए आईपीएल-8 ने ट्विटर पर धूम मचाई हुई है और इस सत्र के तीसरे सप्ताह तक करीब चार करोड़ 30 लाख लाइव इंप्रेशंस देखे गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली 23 अप्रैल से 29 अप्रैल तक इस सत्र के सबसे लोकप्रिय बल्लेबाज रहे।
ऑफ स्पिन गेंदबाजी को लेकर विवादों में रहे कोलकाता नाइटराइडर्स के स्टार सुनील नारायण टूर्नामेंट के इस सप्ताह सबसे ज्यादा चर्चित रहे। दो बार की चैंपियन और महेन्द्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली आईपीएल की सबसे सफल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने ट्विटर पर भी बाजी मारी है और वे इस सप्ताह की सबसे चर्चित टीम बन गई है।
चेन्नई सुपरकिंग्स और गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच चेन्नई में 28 अप्रैल को होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट के तीसरे सप्ताह के दौरान ट्विटर पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा और इसे लेकर सबसे ज्यादा हैशटैग शेयर किए गए। इस रोमांचक मुकाबले में चेन्नई मात्र दो रन से जीती थी। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Sat, 02 May 2015 (22:47 IST)
Updated Date: Sat, 02 May 2015 (22:54 IST)