Publish Date: Mon, 11 May 2015 (18:59 IST)
Updated Date: Mon, 11 May 2015 (19:02 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली डेयरडेविल्स के सीईओ हेमंत दुआ ने सोमवार को कहा कि आईपीएल के बाजार ने युवराज सिंह की 16 करोड़ रुपए की कीमत निर्धारित की और फ्रेंचाइजी इस उम्रदराज स्टार की इस सत्र में असफलता के बावजूद पूरा समर्थन करती है।
युवराज ने वर्तमान सत्र में 12 मैचों में 18.63 की औसत से 205 रन बनाए हैं। डेयरडेविल्स प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है।
डेयरडेविल्स के सीईओ दुआ ने बातचीत में कहा कि हम 14 करोड़, 16 करोड़ रुपए के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन ये सब बाजार पर निर्धारित हैं। युवराज ने (विजाग में) सही कहा था कि उन्होंने कभी इस कीमत के लिए नहीं कहा था। यह बाजार पर आधारित था।
उन्होंने स्वीकार किया कि वे उन्हें कम कीमत पर खरीदना पसंद करते लेकिन जब बोली शुरू हुई तो फिर वह काफी आगे तक पहुंच गई।
दुआ ने कहा कि क्या हम चाहते कि यह 16 करोड़ रुपए तक पहुंचे। नहीं। एक फ्रेंचाइजी के रूप में मैं चाहता कि यह जितना संभव हो, उतना कम हो। लेकिन वहां प्रतिद्वंद्वी (विरोधी फ्रेंचाइजी) भी थे और वे चाहते थे कि कीमत बढ़ती रहे इसलिए मैंने कहा कि यह सब बाजार ने तय किया।
दुआ ने जहां साफ किया कि फ्रेंचाइजी पूरी तरह से युवराज के साथ है लेकिन स्वीकार किया कि बड़ी कीमत के बारे में लगातार याद दिलाए जाने से खिलाड़ी प्रभावित हुआ, क्योंकि आखिर में वे भी इंसान हैं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 11 May 2015 (18:59 IST)
Updated Date: Mon, 11 May 2015 (19:02 IST)