Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दिल्ली कैपिटल्स शान से IPL के प्लेऑफ में, विराट के चैलेंजर्स बाहर

हमें फॉलो करें दिल्ली कैपिटल्स शान से IPL के प्लेऑफ में, विराट के चैलेंजर्स बाहर
, रविवार, 28 अप्रैल 2019 (20:40 IST)
नई दिल्ली। ओपनर शिखर धवन (50) और कप्तान श्रेयस अय्यर (52) के शानदार अर्द्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में रविवार को 16 रन से हराकर शान से आईपीएल-12 के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया।
 
दिल्ली ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन तथा अक्षर पटेल के बेहतरीन कैच से इस स्कोर का बचाव करते हुए 12 मैचों में अपनी आठवीं जीत हासिल की। बेंगलोर की टीम 7 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। शिखर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
webdunia
दिल्ली अब 16 अंकों के साथ तालिका में चोटी पर पहुंच गई है और प्लेऑफ में चेन्नई सुपरकिंग्स के बाद जाने वाली दूसरी टीम बन गई है। दिल्ली और चेन्नई के एक बराबर 16 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट पर दिल्ली पहले और चेन्नई दूसरे स्थान पर है।
 
भारतीय कप्तान विराट कोहली की बेंगलोर टीम को 12 मैचों में आठवीं हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही उनका टूर्नामेंट में सफर भी समाप्त हो गया। विराट अपने घरेलू मैदान फिरोजशाह कोटला में मिली इस हार से काफी निराश नजर आए।
 
शिखर ने 37 गेंदों पर 50 रन में 5 चौके और 3 छक्के लगाए जबकि अय्यर ने 37 गेंदों पर 52 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। दिल्ली के 50 रन 4.5 ओवर में और 100 रन 11.3 ओवर में पूरे हुए।
 
बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरा अर्द्धशतक और ओवरऑल पांचवां अर्द्धशतक बनाया। कप्तान अय्यर ने टूर्नामेंट में अपना तीसरा अर्द्धशतक बनाया। अय्यर ने लेग स्पिनर युजवेंद्र की गेंदों पर लगातार 2 छक्के मारकर अपना अर्द्धशतक पूरा किया।
webdunia
युवा ओपनर पृथ्वी शॉ ने 10 गेंदों पर 18 रन में 4 चौके लगाए। पृथ्वी को तेज गेंदबाज उमेश यादव की गेंद पर विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने लपका। शिखर को चहल ने और अय्यर को वॉशिंगटन सुंदर ने आउट किया।
 
चहल ने विकेटकीपर ऋषभ पंत ने पगबाधा किया। पंत 7 रन ही बना सके। कोलिन इंग्राम सात गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नवदीप सैनी का शिकार बने।
 
शेरफेन रदरफोर्ड ने 3 शानदार छक्के लगाए जबकि उनके जोड़ीदार अक्षर पटेल ने 3 चौके जड़े। रदरफोर्ड और पटेल ने 6 विकेट के लिए मात्र 19 गेंदों में 46 रन की अविजित साझेदारी। रदरफोर्ड ने आखिरी गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ा।
 
रदरफोर्ड ने 13 गेंदों पर नाबाद 28 रन में 1 चौका और 3 छक्के लगाए जबकि पटेल ने 9 गेंदों पर नाबाद 16 रन में तीन चौके लगाए। नवदीप सैनी के पारी के आखिरी ओवर में 20 रन पड़े। अंतिम दो ओवर में 36 रन गए। बेंगलोर की तरफ से चहल ने 41 रन पर 2 विकेट लिए जबकि उमेश यादव, वॉशिंगटन सुंदर और सैनी को एक-एक विकेट मिला।
 
लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलोर ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 63 रन ठोक डाले। बेंगलोर ने इसके बाद पांच रनों के अंतराल में दोनों ओपनरों को गंवा दिया। तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने पटेल को अक्षर पटेल के हाथों कैच करा दिया। पटेल ने 20 गेंदों पर 39 रन की आक्रामक पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया।
webdunia
बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली को लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल ने शेरफेन रदरफोर्ड के हाथों कैच कराया। विराट ने 17 गेंदों पर 23 रन में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। दो विकेट निकाल लेने के बावजूद दिल्ली के लिए एबी डिविलियर्स का खतरा बने हुए थे। इस बीच राहुल तेवतिया ने शिवम दुबे का कैच छोड़ दिया।
 
दुबे ने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर नेपाल के स्पिनर संदीप नैमिछाने पर छक्का मारकर बेंगलोर के 100 रन पूरे कर दिए। लेकिन अगले ओवर में रदरफोर्ड की गेंद पर अक्षर पटेल ने सीमारेखा पर डिविलियर्स का बेहतरीन कैच लपक लिया।
 
डिविलियर्स के आउट होते ही दिल्ली के खिलाड़ी ख़ुशी से उछल पड़े। डिविलियर्स ने 19 गेंदों पर 17 रन में एक छक्का लगाया। बेंगलोर का तीसरा विकेट 103 के स्कोर पर गिरा। हेनरिक क्लासेन आने के साथ ही लेग स्पिनर अमित मिश्रा की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमा बैठे। क्लासेन ने 3 रन बनाए।
 
बेंगलोर का चौथा विकेट 108 के स्कोर पर गिरा। मिश्रा ने इसी ओवर में शिवम दुबे का विकेट भी निकाल दिया। शिखर धवन ने दौड़ लगाते हुए अच्छा कैच लपका। दुबे ने 16 गेंदों पर 24 रन में दो छक्के मारे।
 
मिश्रा के इन 2 विकेटों से दिल्ली को प्लेऑफ और जीत की सुगंध आने लगी जबकि बेंगलोर टीम बैकफुट पर चली गई। बेंगलोर के लिए लक्ष्य लगातार बड़ा होता जा रहा था, लेकिन गुरकीरत सिंह मान और मार्कस स्टॉयनिस ने मोर्चा संभाल लिया और कुछ अच्छे छक्के मारे।
 
बेंगलोर को अंतिम तीन ओवर में 36 रन चाहिए थे जबकि कैगिसो रबादा ने 18वें ओवर में 6 रन ही दिए। अब दो ओवर में बेंगलोर को 30 रन चाहिए थे। इशांत ने 19वें ओवर में मान को पंत के हाथों कैच करा दिया। मान ने 19 गेंदों पर 27 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया।
 
इस विकेट से मैच दिल्ली की गिरफ्त में आ गया। आखिरी ओवर बेंगलोर को जीत के लिए 26 रन चाहिए थे जो काफी मुश्किल काम था। दिल्ली ने 16 रनों से यह मुकाबला जीत लिया। स्टॉयनिस 24 गेंदों में 32 रन पर नाबाद रहे।
 
दिल्ली की तरफ से मिश्रा ने 29 रन पर 2 विकेट और रबादा ने 31 रन पर दो विकेट लिए जबकि इशांत, पटेल और रदरफोर्ड को 1-1 विकेट मिला।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर मैच के हाईलाइट्‍स