Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 विकेट से हराया, पहली बार CSK लीग में 8 मैच हारी

हमें फॉलो करें मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 विकेट से हराया, पहली बार CSK लीग में 8 मैच हारी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2020 (22:26 IST)
शारजाह। मुंबई इंडियंस (MI) ने हैरतअंगेज बल्लेबाजी करते हुए शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) के मैच में तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 10 विकेट से न केवल रौंदा बल्कि पहले मैच में हुई 5 विकेट की हार का बदला भी ले लिया। चेन्नई की टीम आईपीएल में पहली बार लीग में 8 मैच हारी है और अब उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। ईशान किशन (नाबाद 68) और क्विंटन डी कॉक (नाबाद 46) ने मुंबई को अंक तालिका में टॉप पर पहुंचा दिया है। मैच के हाईलाइट्‍स... 

मुंबई ने 12.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 116 रन बनाए
मुंबई की टीम ने चेन्नई को 10 विकेट से हराया 
ईशान किशन 37 गेंदों में 68 रन पर नाबाद (6 चौके, 5 छक्के) 
क्विंटन डी कॉक 37 गेंद पर 46 रन पर नाबाद (5 चौके, 2 छक्के) 
आईपीएल के इतिहास में चेन्नई की टीम पहली बार लीग में 8 मैच हारी 

पहली बार चेन्नई को मिली 10 विकेट से शिकस्त : आईपीएल के 13 साल के इतिहास में यह पहला प्रसंग है जब महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई टीम 10 विकेट से हारी है। इससे पहले आईपीएल के पहले संस्करण में (2008) में मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम मुंबई में चेन्नई पर 9 विकेट से जीत दर्ज की थी।
 
मैच की शेष गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी हार : मुंबई ने जीत के लिए मिला 115 रनों का लक्ष्य 12.2 गेंदों में ही बिना कोई विकेट खोए 116 रन बनाकर अर्जित कर लिया। मुंबई की टीम ने 46 गेंद शेष रहते यह मैच जीता। शेष बची गेंदों में यह सबसे बड़ी हार है। 2012 में दिल्ली के खिलाफ चेन्नई 40 गेंद, 2008 में मुंबई के खिलाफ 37 गेंद और राजस्थान के खिलाफ 34 गेंद शेष रहते परास्त हुआ था।

मुंबई जीत की दहलीज पर : इस मैच में मुंबई की टीम जीत की दहलीज पर पहुंच गई है। मुंबई ने 11.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 109 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 36 गेंदों पर 67 (6 चौके, 5 छक्के) और डी कॉक 40 रन (31 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के) लगाकर नाबाद है। मुंबई को अब बस जीत का छक्का चाहिए।

मुंबई की बेहद मजबूत शुरुआत : जीत के लिए मिले 115 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए 8.2 ओवर में बिना कोई नुकसान के 75 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 44 और क्विंटन डी कॉक 27 रन बनाकर मुंबई को जीत की ओर ले जा रहे हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाए 9 विकेट खोकर 114 रन : ट्रेंट बोल्ट (18 रन देकर 4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के आगे चेन्नई के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 114 रन बनाए। सैम कुरेन 52 रन बनाकर मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए। बोल्ट ने मैच की पहली गेंद पर ऋतुराज का विकेट लिया था और आखिरी गेंद पर कुरेन के डंडे बिखेरे। चेन्नई के 6 बल्लेबाज दोहरी संख्या तक भी नहीं पहुंचे।

18 ओवर में चेन्नई ने 8 विकेट खोकर 82 रन बनाए : सैम कुरेन ने अपने कंधों पर मजबूत जिम्मेदारी ओढ़ ली है। इस वक्त वे 30 और इमरान ताहिर 7 रन बनाकर नाबाद हैं। चेन्नई ने 17 ओवर में 8 विकेट खोकर 82 रन बनाए हैं। धोनी ने इस मैच में युवाओं को मौका दिया लेकिन उन्होंने भी निराश किया। ऋतुराज गायकवाड़ मैच की पहली ही गेंद पर आउट हुए तो जगदीशन को भी खाता खोलने का अवसर नहीं मिला।

14.5 ओवर में चेन्नई का स्कोर 71/8 : चेन्नई एक्सप्रेस आईपीएल के इस सत्र में पटरी से उतरती नजर आ रही है। 14.5 ओवर में चेन्नई ने 8 विकेट खोकर 71 रन ही बनाए हैं। अभी अभी शार्दुल ठाकुर 11 रन बनाकर नाथन कूल्टर नाइल की गेंद पर आसान कैच सूर्यकुमार यादव को थमा बैठे। इस वक्त क्रीज में सैम कुरेन 27 रन पर नाबाद हैं जबकि इमरान ताहिर को अपना खाता खोलना बाकी है। जब मैच शुरु हुआ था, तब कहा जा रहा था कि इस मैदान पर चेन्नई 190 के स्कोर तक पहुंचेगा लेकिन अभी तो 100 रन बनाना भी मुश्किल है। 

10 ओवर के भीतर चेन्नई के 7 विकेट आउट : 10 ओवर के भीतर ही चेन्नई ने 52 रन के कुल स्कोर पर 7 विकेट खो दिए हैं। सातवां विकेट दीपक चाहर का आउट हुआ, जिन्हें राहुल चाहर ने खाता खोलने के पहले ही पैवेलियन भेजा। इस समय सैम कुरेन 17 और शार्दुल ठाकुर 2 रन पर नाबाद हैं।

धोनी भी 16 रन पर आउट : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चेन्नई सुपर किंग्स के विकेट के पतझड़ को नहीं रोक सके और 16 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल चाहर की गेंद पर डी कॉक ने उनका कैच झपटा। धोनी जब आउट हुए, तब चेन्नई का स्कोर 6.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 30 रन था। फिलहाल उसने 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 32 रन ही बनाए हैं। कुरेन 3 और दीपक चाहर 0 पर क्रीज में हैं। 

चेन्नई ने पांचवां विकेट गंवाया : चेन्नई इस मैच में 6 ओवर के भीतर ही 5 विकेट खो चुका है। कोई भी बल्लेबाज दोहरी संख्या तक नहीं पहुंचा है। आईपीएल के इतिहास में 3 बार की चैम्पियन चेन्नई का यह सबसे खराब प्रदर्शन है। चेन्नई ने पांचवा विकेट रवींद्र जडेजा (7) का 5.2 ओवर में  21 रन पर गंवाया। जडेजा को बोल्ट ने क्रुणाल पांड्‍या के हाथों कैच करवाया। 6 ओवर में चेन्नई ने 24 रन बनाए हैं। धोनी 10 और सैम कुरेन 1 रन पर नाबाद हैं।

चेन्नई के 4 विकेट कुल 3 रन पर गिरे : चेन्नई की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। ऋतुराज गायकवाड़ मैच की पहली ही गेंद पर ट्रेंट बोल्ट के द्वारा पगबाधा आउट हो गए। इसके बाद तो लाइन लग गई। बोल्ट ने अगला शिकार फाफ डू प्लेसिस (1) का किया। बाद में रही सही कसर बुमराह ने पूरी कर दी। बुमराह ने अंबाती रायडू (2) और जगदीशन (0) को पैवेलियन भेजा। चेन्नई ने 2.5 ओवर में 4 कीमती बल्लेबाजों को केवल 3 रन पर गंवा दिया था। 4 ओवर में चेन्नई का स्कोर 18 रन। महेंद्र सिंह धोनी 9 और रवींद्र जडेजा 6 रन पर नाबाद।
 
रोहित शर्मा की मांसपेशियों में खिंचाव : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की मांसपेशियों में खिंचाव है और वे अनफिट हैं। टीम के थिंक टैंक ने उन्हें इस मैच के लिए आराम देने का फैसला किया है। रोहित की जगह सौरभ तिवारी को अंतिम 11 खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।
 
अनुभवी कप्तान पोलार्ड : कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस टीम के अनुभवी खिलाड़ी के साथ ही सफल कप्तान भी हैं। आईपीएल से ठीक पहले पोलार्ड ने अपनी कप्तानी में कै‍रेबियन प्रीमियर लीग में शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स को चैम्पियन बनाया था।
 
दोनों टीमें इस प्रकार हैं : चेन्नई सुपर किंग्स : सैम कुरेन, फाफ डू प्लेसिस, अंबाती रायडू, एन जगदीशन, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जोश हेजलवुड और इमरान ताहिर।
 
मुंबई इंडियंस : क्विंटन डी कॉक, सौरभ तिवारी, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, नाथन कूल्टर नाइल, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को हार्टअटैक, ICU में हालत स्थिर