Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

पहले ही मैच से दाम चुकाना शुरु, ईशान किशन ने 48 गेंदो में जड़े 81 रन

हमें फॉलो करें पहले ही मैच से दाम चुकाना शुरु, ईशान किशन ने 48 गेंदो में जड़े 81 रन
, रविवार, 27 मार्च 2022 (17:15 IST)
मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा और मेगा नीलामी में सबसे ज्यादा दामों पर खरीदे गए ईशान किशन की शानदार 67 रनों की सलामी साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ डबल हेडर के पहले मुकाबले में 5  विकेट खोकर 177 रनों का मजबूत लक्ष्य दिल्ली कैपिटल्स के सामने रख दिया।

खासकर रोहित के आउट होने के बाद ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 48 गेंदो में 81 रन जड़े जिसमें 11 चौके और 2 छक्के थे। उनको ऐसी पारी खेलने के लिए ही मुंबई इंडियन्स ने मेगा नीलामी में 15.25 करोड़ रुपए खर्च किए थे। पहले ही मैच से किशन ने मुंबई के निर्णय को सही साबित करना शुरु कर दिया है।

रोहित शर्मा (32 गेंदों पर 41, चार चौके, दो छक्के) और इशान (11 चौके, दो छक्के) ने पहले विकेट के लिये 67 रन जोड़कर बल्लेबाजी का न्योता पाने वाले मुंबई को बहुत अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन इन दोनों के अलावा मुंबई का कोई भी अन्य बल्लेबाज देर तक नहीं टिक पाया। कुलदीप दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिये।
webdunia

दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी का आगाज करने वाले शार्दुल ठाकुर (चार ओवर में 47 रन) के लिये आज कुछ भी अनुकूल नहीं रहा। उनके पहले दो ओवरों में रोहित और इशान ने छक्के लगाये। इसके बाद उन्होंने तब रोहित का कैच टपकाया जब वह 25 रन पर खेल रहे थे। मुंबई ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 53 रन बनाये।

रोहित हालांकि जीवनदान का खास फायदा नहीं उठा पाये और कुलदीप की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठे। उनका स्थान लेने के लिये उतरे अनमोलप्रीत सिंह (आठ) को कुलदीप ने आसान कैच देने के लिये मजबूर किया। इस स्पिनर ने कीरोन पोलार्ड (तीन) का विकेट लेकर अपने स्पैल को महत्वपूर्ण बना दिया।

इस बीच तिलक वर्मा भी 15 गेंद पर 22 रन बनाकर खलील अहमद (27 रन देकर दो) की अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर अपर कट करके सीमा रेखा पर कैच दे बैठे थे। इशान ने हालांकि एक छोर संभाले रखा। उन्होंने अक्षर पटेल पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर 34 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

ठाकुर के लिये पारी का अंत भी अच्छा नहीं रहा। सिंगापुर के टिम डेविड (12) और डेनियल सैम्स (नाबाद सात) ने भी उन पर छक्के लगाये जबकि इशान ने आखिर में उनकी दों गेंदों को सीमा रेखा तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियंस को ईशान पर पैसा लुटाने का अफसोस नहीं होगा : इरफान

भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने रविवार को कहा कि ईशान किशन के नाबाद अर्धशतक के बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) का प्रबंधन सबसे ज्यादा खुश होगा, क्योंकि उन्होंने नीलामी में उन पर बड़ी बोली लगाई थी।

स्टार स्पोर्ट्स शो, क्रिकेट लाइव पर उन्होंने कहा, "टीम मालिकों ने उन पर पैसे लुटाने की योजना बनाई और उसके बाद क्या हुआ? ईशान ने वही किया, जो वे चाहते थे। उन्होंने न केवल शानदार शुरुआत की, बल्कि पारी को समाप्त भी किया।"

15.25 करोड़ रुपये में खरीदे गए ईशान ने अपनी टीम के शुरुआती गेम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ नाबाद 81 रनों की पारी खेली। भारत के महान स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने भी ईशान की जमकर तारीफ की। टर्बनेटर ने कहा कि वह मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज के प्रशंसक हैं।

हरभजन ने कहा, "ईशान एक परिपक्व खिलाड़ी के रूप में सामने आए हैं। जब रोहित शर्मा आउट हुए, तो उन्होंने अंत तक बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस पारी से उन्होंने साबित कर दिया है कि वह एक बल्लेबाज के रूप में कितने सक्षम हैं।" .

हरभजन ने कहा,"मैं उनका प्रशंसक हूं। एक बार मैंने उनको एक मैच में गेंदबाजी की और उन्होंने मेरे खिलाफ दो या चार छक्के लगाए। उन्हें इस तरह बल्लेबाजी करते हुए देखकर स्पष्ट था कि वह एक अद्भुत खिलाड़ी बनने जा रहे हैं और अब मैं बैठकर उनकी की बल्लेबाजी का आनंद लेता हूं।"

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

IPL 2021 में ही कप्तानी छोड़ना चाहते थे महेंद्र सिंह धोनी, कोच ने किया खुलासा