Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

लखनऊ ने चेपॉक पर दर्ज की सबसे बड़ी रन चेस, चेन्नई फैंस को कराया चुप

स्टोइनिस की शतकीय पारी से LSG ने CSK को हराया

हमें फॉलो करें लखनऊ ने चेपॉक पर दर्ज की सबसे बड़ी रन चेस, चेन्नई फैंस को कराया चुप

WD Sports Desk

, मंगलवार, 23 अप्रैल 2024 (23:59 IST)
LSG vs CSK




IPL 2024 CSK vs LSG मार्कस स्टोइनिस की 63 गेंद में नाबाद 124 रन की पारी के दम पर लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मंगलवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को तीन गेंद शेष रहते छह विकेट से हराया।

कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के नाबाद शतक और शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंद में 104 रन की शानदार साझेदारी से चेन्नई ने चार विकेट पर 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था लेकिन एलएसजी ने 19.3 ओवर में चार विकेट पर 213 रन बना कर यादगार जीत दर्ज की।यह चेपॉक के मैदान पर आईपीएल में सबसे बड़े रन स्कोर का पीछा है।

सीएसके के लिए गायकवाड़ ने 60 गेंद की नाबाद पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाये दुबे ने 27 गेंद की ताबड़तोड़ पारी में सात छक्के और तीन चौके लगाये। दोनों की शानदार साझेदारी से टीम पावर प्ले में धीमी बल्लेबाजी (दो विकेट पर 49) से उबरने में सफल रही।

मैन ऑफ द मैच स्टोइनिस ने 63 गेंद की नाबाद पारी में 13 चौके और छह छक्के लगाकर लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। इसके साथ ही चेन्नई के मैदान में सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी ने सबसे बडा स्कोर बनाया।

स्टोइनिस को आखिरी ओवरों में निकोल्स पूरन (15 गेंद में 35 रन) और दीपक हुड्डा (छह गेंद में नाबाद 17 रन) का अच्छा साथ मिला जिससे एलएसजी ने अपनी पारी के आखिरी 5.3 ओवर में 87 रन जुटाये।

लक्ष्य का बचाव करते हुए दीपक चाहर(11 रन पर एक विकेट) ने पहले ओवर में क्विंटन डिकॉक को खाता खोले बिना बोल्ड किया। लोकेश राहुल ने तुषार देशपांडे के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन मुस्ताफिजूर रहमान (51 रन पर एक विकेट) ने उनकी 16 रन की पारी पर विराम लगाया।

स्टोइनिस ने इस बीच चाहर और इंपैक्ट प्लेयर शारदुल ठाकुर के खिलाफ दो-दो चौके लगाये जिससे पावर प्ले में एलएसजी ने दो विकेट पर 45 रन बना लिये।जरूरी रनगति को कम करने के लिए स्टोइनिस ने जडेजा और मोईन अली की गेंदों को  दर्शकों तक पहुंचाया और फिर दो रन दौड़कर महज 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

मथीश पथिराना (35 रन पर दो विकेट) ने अपने पहले ही ओवर में देवदत्त पडिक्कल (13) की धीमी पारी को खत्म किया।इन विकेटों को हालांकि स्टोइनिस की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने देशपांडे के खिलाफ 13वें ओवर में छक्का और चौका लगाया। दूसरे छोर से पूरन का अच्छा साथ मिलने के बाद उन्होंने मुस्ताफिजूर की गेंद पर शानदार छक्का लगाया।

 पूरन ने भी 16वें ओवर में शारदुल के खिलाफ दो छक्के और चौका लगाकर 20 रन बटोर कर सीएसके पर दबाव बना दिया। पथिराना ने हालांकि अगले ओवर में पूरन की आक्रामक पारी को खत्म किया।स्टोइनिस ने दूसरे छोर से मुस्ताफिजूर के खिलाफ छक्का लगाने के बाद दो रन लेकर 56 गेंद में अपना शतक पूरा किया।
दीपक हुड्डा ने इसी ओवर का अंत छक्का लगाकर करने के बाद अगले ओवर में पथिराना के खिलाफ दो चौके जड़ दिये जिससे आखिरी ओवर में एलएसजी को 17 रन की दरकार थी और स्टोइनिस ने रहमान के खिलाफ छक्का और तीन चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले सीएसके की पारी के पहले ओवर में अजिंक्य रहाणे (एक) के आउट होने के बाद गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और  रन गति को ज्यादा कम नहीं होने दिया। मैट हेनरी की गेंद पर विकेट के पीछे कप्तान लोकेश राहुल ने रहाणे का शानदार कैच लपका।

गायकवाड़ ने अपनी पारी में ताकतवर शॉट लगाने की जगह टाइमिंग से गेंद को गैप में खेल कर लगातार अंतराल पर चौके लगाये।उन्होंने इस दौरान 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

गायकवाड़ ने इससे पहले डेरिल मिचेल (11) और रविंद्र जडेजा (16) के साथ पारी को संवारने का काम किया। खराब लय में चल रहे रचिन रविंद्र की जगह टीम में शामिल हुए मिचेल चार रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे। जडेजा भी 19 गेंद की पारी में प्रभाव नहीं छोड़ सके।

दुबे के क्रीज पर आने के बाद गायकवाड़ के कंधे से दबाव कम हुआ। दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कुछ बड़े शॉट लगाये। बाये हाथ के इस बल्लेबाज ने 13वें ओवर में स्टोइनिस के खिलाफ टीम का पहला छक्का लगाया।
गायकवाड़ ने भी ऑस्ट्रेलिया के इस हरफनमौला के खिलाफ अपना पहला छक्का जड़ा।

दुबे ने यश ठाकुर के खिलाफ हैट्रिक छक्का लगाकर टीम की रन गति को तेज किया। गायकवाड़ ने 18वें ओवर में यश की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का और फिर चौका लगाकर आईपीएल का अपना दूसरा शतक पूरा किया।

अगले ओवर में दुबे ने मोहसिन के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हुए।क्रीज पर आये महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद चार) ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर स्कोर को 210 रन तक पहुंचा दिया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

स्टॉयनिस का शतक ऋतुराज पर भारी, लखनऊ ने चेन्नई को 6 विकेट से हराया